सुपवा में बैडमिंटन टूर्नामेंट विजेता पुरस्कृत, दूसरे बैडमिंटन टूर्नामेंट की 10 कैटेगिरी में रहे 110 प्रतिभागी

सुपवा में बैडमिंटन टूर्नामेंट विजेता पुरस्कृत, दूसरे बैडमिंटन टूर्नामेंट की 10 कैटेगिरी में रहे 110 प्रतिभागी
 
21 नवंबर 2026, रोहतक। दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एवं विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) में दूसरे बैडमिंटन टूर्नामेंट के विजेताओं को सम्मानित करने के लिए पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें बतौर मुख्यातिथि कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने सभी 10 कैटेगिरी के विजेता व उपविजेताओं को ट्रॉफी व बैडमिंटन किट प्रदान की। सुपवा के छात्रों व स्टॉफ के बीच दूसरे बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन 2 से 6 नवंबर तक किया गया। डायरेक्टर (स्पोर्ट्स) नीरज मलिक ने बताया कि टूर्नामेंट की 10 कैटेगिरी में 110 प्रतिभागी रहे। इनके बीच छात्र, छात्राएं, टीचिंग व नॉन टीचिंग के अलग-अलग ग्रुप बनाकर मुकाबले कराए गए। फैकेल्टी ऑफ प्लानिंग एवं आर्किटेक्चर के सेमीनार हॉल में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान रजिस्ट्रार डॉ गुंजन मलिक मनोचा, डीन अकादमिक डॉ अजय कौशिक व अन्य स्टॉफ भी मौजूद रहा। छात्रों के सिंगल के फाइनल मुकाबले में सिनेमैटोग्राफी के वामसी नारायण विजेता व टेक्सटाइल के नवनीत उपविजेता रहे। युगल फाइनल मुकाबले में पेंटिंग के ध्रुव फौगाट व अंतरिक्ष की जोड़ी ने टेक्सटाइल के नवनीत व फेशन एवं प्रॉडक्ट डिजाइन के अमन को पराजित किया। छात्राओं के एकल मुकाबले में टेक्सटाइल की गुंजन पहले व फैशन लाइफ स्टाइल की मायरा दूसरे स्थान पर रही। डबल्स मुकाबले में गुंजन व मायरा की जोड़ी ने पेंटिंग की अंजू व एनिमेशन की स्नेहा को शिकस्त दी। छात्र-छात्राओं के मिक्स्ड डबल्स में वामसी नारायण व ज्योति मलिक की जोड़ी ने नवनीत व गुंजन को पराजित किया।
टीचिंग पुरुष एकल फाइनल मुकाबले में एफसी विनय कुमार ने असिस्टेंट प्रोफेसर आनंद को पराजित किया, जबकि टीचिंग-नॉन टीचिंग महिला एकल मुकाबले में डीईओ अनुराधा असिस्टेंट प्रोफेसर शालू को हरा कर विजेता बनी। नॉन टीचिंग पुरुष सिंगल के फाइनल में डायरेक्टर (स्पोर्ट्स) नीरज मलिक ने डीईओ संदीप दलाल को पराजित कर विजेता का खिताब हासिल किया। वहीं, डब्ल्स में नीरज मलिक व क्लर्क सुनील कुमार की जोड़ी ने संदीप दलाल व अटेंडेंट नवीन की जोड़ी को पराजित किया। स्टॉफ सदस्यों के बच्चों के वर्ग में यशशवीर ने मयंक को पराजित किया। इस दौरान कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने कहा कि खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने वाले शारीरिक व दिमागी तौर पर मजबूत बनते हैं। डिजिटल दौर में हमें किसी न किसी खेल को अपने जीवन का हिस्सा अवश्य बनाना चाहिए। इससे न सिर्फ हम शारीरिक तौर पर फिट रहेंगे, बल्कि कुछ समय के लिए मोबाइल से भी दूरी बना सकेंगे। डॉ आर्य ने कहा कि सुपवा परिवार के हर सदस्य के अंदर कोई न कोई प्रतिभा जरूर छिपी हुई है। उसे बाहर निकालने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और इस तरह के आयोजन आपसी संबंधों को भी प्रगाढ़ करते हैं।

About the Author

Monika Singh
Monika Singh

9447 Articles