जिला में 69,467 मीट्रिक टन धान की हुई खरीद
सिरसा, 21 अक्टूबर। जिले की विभिन्न अनाज मंडियों में खरीद एजेंसियों द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 20 अक्टूबर तक कुल 69,467 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। इसमें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 24,749 मीट्रिक टन, हैफेड ने 34,177 मीट्रिक टन तथा हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन ने 10,541 मीट्रिक टन धान की खरीद की है। खरीद के साथ-साथ मंडियों से धान का उठान भी जारी है। अब तक कुल 34,684 मीट्रिक टन धान का उठान किया जा चुका है, जबकि शेष धान का उठान जारी है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक हरवीर सिंह ने बताया कि जिले में धान खरीद से अब तक कुल 8,957 किसानों को लाभ मिला है। इनमें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के माध्यम से 3,010, हैफेड के माध्यम से 4,629 तथा हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के माध्यम से 1,318 किसान लाभान्वित हुए हैं।
मंडियों में खरीद की स्थिति के अनुसार डबवाली अनाज मंडी में कुल 9,006 मीट्रिक टन, कालांवाली में 17,265 मीट्रिक टन, रानियां में 3,385 मीट्रिक टन, सिरसा में 4,597 मीट्रिक टन, ऐलनाबाद में 3,035 मीट्रिक टन, रोड़ी में 4,874 मीट्रिक टन तथा देसूजोधा मंडी में 2,283 मीट्रिक टन धान की खरीद दर्ज की गई है। इसके अतिरिक्त जिले की अन्य मंडियों में भी धान की खरीद जारी है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी धान की फसल को अच्छी तरह सुखाकर और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही मंडियों में लेकर आएं, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।
