हर घर-हर गृहिणी योजना का लाभ लेने के लिए करें ऑनलाइन आवेदन
सिरसा, 04 नवंबर।
हरियाणा सरकार द्वारा शुरू की गई ‘हर घर-हर गृहिणी’ योजना 2024 का उद्देश्य पात्र परिवारों को रियायती दरों पर रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाना है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक हरवीर सिंह ने बताया कि योजना के तहत हरियाणा के सभी बीपीएल एवं अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) राशन कार्ड धारक परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाया जाएगा। 500 रुपये से अधिक की सिलेंडर राशि को सब्सिडी के रूप में पात्र लाभार्थियों के परिवार की महिला मुखिया के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए पात्र परिवारों को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की वेबसाइट epds.haryanafood.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन करते समय लाभार्थियों को अपना एलपीजी आईडी नंबर, बैंक खाता नंबर, आईएफएससी कोड सहित अन्य आवश्यक जानकारी सावधानीपूर्वक भरनी होगी, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न आए।उन्होंने बताया कि योजना के तहत पंजीकरण करवाने के लिए लाभार्थियों का अपनी फैमिली आईडी में दर्ज मोबाइल नंबर एक्टिव होना चाहिए। जिन लाभार्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने में परेशानी हो, वे अपने नजदीकी सीएससी केंद्र पर जाकर भी पंजीकरण करवा सकते हैं।
