बच्चे कोई समस्या या असहज स्थिति होने पर तुरंत भरोसेमंद व्यक्ति को दें जानकारी : सीजेएम

बच्चे कोई समस्या या असहज स्थिति होने पर तुरंत भरोसेमंद व्यक्ति को दें जानकारी : सीजेएम
 

विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा विभिन्न कानूनी प्रावधानों के प्रति किया जागरूक

राजकीय आरोही मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खारी सुरेरा में ‘सुरक्षित बचपन, सशक्त भारत’ विषय पर जागरूकता शिविर आयोजित

सिरसा, 28 अक्टूबर।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में राजकीय आरोही मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खारी सुरेरा में ‘सुरक्षित बचपन, सशक्त भारत’ विषय पर कार्यशाला एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संतोष बागोतिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा विभिन्न कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था। मुख्य अतिथि सीजेएम संतोष बागोतिया ने कहा कि बच्चों को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना चाहिए। यदि उन्हें कहीं भी कोई गलत व्यवहार महसूस हो या वे किसी परिस्थिति में असहज महसूस करें, तो बिना डर के तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या किसी अन्य भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी दें। उन्होंने पॉक्सो अधिनियम तथा साइबर सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि जागरूकता और सतर्कता से बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाने में मदद मिल सकती है।

एबीआरसी विजय कुमार ने बताया कि भारत सरकार के ‘सुरक्षित बचपन, सशक्त भारत’ अभियान के तहत बच्चों को वर्तमान समय की चुनौतियों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग, पेंटिंग, स्लोगन, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान बाल कल्याण परिषद के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल, खंड शिक्षा अधिकारी राजकुमार, बाल संरक्षण अधिकारी अंजना, जिला साइबर क्राइम सेल से विनोद कुमार तथा पैनल अधिवक्ता रमेश बिश्नोई, विद्यालय प्राचार्य कविता गहलोत सहित विभिन्न वक्ताओं ने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षित बचपन, बाल विवाह की रोकथाम, साइबर सुरक्षा, पॉक्सो अधिनियम, अच्छे स्पर्श-बुरे स्पर्श तथा बाल सहायता हेल्पलाइन नंबर 1098 और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। इस मौके पर दर्शना, एबीआरसी अनीता, वीरेंद्र कुमार, मीरा नड्डा सहित विद्यालय के सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles