हरियाणा के सिरसा में सीएम का बड़ा एक्शन, JE टर्मिनेंट, ME और EXN चार्जशीट
<strong>सिरसा:</strong> स्थानीय पंचायत भवन में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नगर परिषद से जुड़े यूसीएस (UCS) मामले में बेहद सख्त रुख अपनाया है। अनियमितताओं की शिकायत पर सुनवाई करते हुए मुख्यमंत्री ने लापरवाह अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ तत्काल प्रभाव से कड़ी कार्रवाई करने के आदेश जारी किए हैं।
बैठक में जब यह मुद्दा उठा, तो मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया। इस दौरान मार्केटिंग बोर्ड के कार्यकारी अभियंता (XEN) ने अपना पक्ष रखा, वहीं शिकायतकर्ता और नगर पार्षद संजीव रातूसरिया, दीपक बंसल तथा राजेंद्र जांगड़ा ने भी पूरे मामले के तथ्य मुख्यमंत्री के सामने रखे।
मामले की जांच के दौरान रिकॉर्ड और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर सामने आया है। शिकायत में स्पष्ट किया गया कि मेजरमेंट बुक (MB) में गलियों के निर्माण कार्य की एंट्री अधिक दर्ज की गई है, जबकि मौके पर गलियों का निर्माण काफी कम पाया गया।
इस गंभीर अनियमितता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने मौके पर ही संबंधित कनिष्ठ अभियंता (JE) को टर्मिनेट करने के आदेश दिए। इसके साथ ही एमई (ME) और एक्सईएन (XEN) को चार्जशीट जारी कर उनके खिलाफ भी टर्मिनेशन की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक लापरवाही के चलते डीएमसी (DMC) का एक माह का वेतन काटने का भी आदेश दिया गया है।
अधिकारियों के अलावा मुख्यमंत्री ने संबंधित ठेकेदार पर भी शिकंजा कसते हुए उसके खिलाफ आज ही मुकदमा दर्ज करने और उसकी संपत्ति की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री की इस सख्त कार्रवाई से नगर परिषद और संबंधित विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।
