वीर सैनिकों का किया सम्मान, बेटियों के लिए खुला निशुल्क सिलाई प्रशिक्षण केंद्र
सिरसा,
ग्राम पंचायत बड़ागुढ़ा में शुक्रवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में वीर सैनिकों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों को वीर सैनिकों और शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेने तथा उनकी वीरगाथाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी भजन लाल ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए हमारे सैनिकों ने अदम्य साहस और देशभक्ति का परिचय दिया है। हमारे शहीदों और वीर सैनिकों की बदौलत ही आज देशवासी खुली हवा में निडर होकर सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के त्याग को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी वीरगाथा आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने ग्रामीणों से सैनिकों के त्याग और शौर्य की कहानियों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सरपंच सुखविंदर कौर, सरपंच प्रतिनिधि जगदीश सिंह, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं सहित अन्य ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं।
गांव की बेटियों को मिलेगा निशुल्क सिलाई प्रशिक्षण ग्राम पंचायत बड़ागुढ़ा में सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव की लड़कियों के लिए निशुल्क सिलाई प्रशिक्षण केंद्र भी शुरू किया गया। केंद्र का उद्घाटन गांव में दसवीं कक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्रा रमनदीप कौर द्वारा करवाया गया। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी भजन लाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को हुनरमंद बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के अवसर उपलब्ध करवाना समय की जरूरत है। उन्होंने निशुल्क सिलाई प्रशिक्षण केंद्र को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बढ़ता हुआ एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए ग्राम पंचायत की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिलाई का प्रशिक्षण प्राप्त कर लड़कियां अपने हुनर को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ सकती हैं। इससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे अपने परिवार की आर्थिक मजबूती में भी योगदान दे सकेंगी।
