सिरसा में महाराजा अग्रसेन जयंती पर निकली ऐतिहासिक शोभायात्रा; पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल ने श्याम ध्वजा दिखाकर रवाना किया

सिरसा में महाराजा अग्रसेन जयंती पर निकली ऐतिहासिक शोभायात्रा; पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल ने श्याम ध्वजा दिखाकर रवाना किया
 

सिरसा।

समाजवाद और अंत्योदय के प्रणेता महाराजा अग्रसेन जी की जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में सिरसा शहर में एक भव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई। कलयुग के अवतारी भगवान श्री कृष्ण स्वरूप श्री श्याम जी के पावन धाम 'श्याम बगीची' से शुरू हुई यह शोभायात्रा शहरभर में श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक समरसता का केंद्र बनी रही। कार्यक्रम के दौरान ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रो गणेशी लाल व उनके बेटे मनीष सिंगला ने महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को नमन करते हुए कहा कि आज से लगभग 5000 वर्ष पूर्व भगवान श्री कृष्ण के मार्गदर्शन में महाराजा अग्रसेन जी ने 'एक ईंट और एक रुपया' का जो दिव्य सिद्धांत दिया था, वह अंत्योदय की सबसे प्राचीन और अनुपम मिसाल है। इस व्यवस्था के जरिए समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को बिना किसी भेदभाव के अपने समकक्ष खड़ा करने का महान कार्य किया गया। महाराजा अग्रसेन जी का यह विचार आज भी पूरे विश्व के लिए समानता और सह-अस्तित्व की सबसे बड़ी प्रेरणा है। इस भव्य शोभायात्रा को ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल ने श्याम ध्वजा दिखाकर रवाना किया। उनके द्वारा ध्वजारोहण करते ही समूचा परिसर जयकारों से गूंज उठा। शोभायात्रा में शामिल आकर्षक झांकियां, सुसज्जित रथ और भक्तिमय संगीत ने पूरे वातावरण को धर्ममय बना दिया। आयोजकों ने सिरसा शहर के सभी अग्र बंधुओं, सहयोगी संस्थाओं और नगरवासियों का हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त किया। मनीष सिंगला ने कहा कि जब तक हम महाराजा अग्रसेन के आदर्शों का अनुसरण नहीं करेंगे तब तक उनकी जयंती सार्थक नहीं होगी। शीघ्र ही अग्र समाज का ऐसा संगठन तैयार किया जाएगा जो महाराजा अग्रसेन के सिद्धांतों पर आधारित होगा। शोभा यात्रा से पूर्व सुबह अग्रसेन पार्क में श्री अग्रवाल सभा के प्रधान जेपी गुप्ता की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में भी प्रो गणेशी लाल व मनीष सिंगला ने शिरकत की। यहां। महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। सिंगला ने कहा कि सिरसा की धरती पर आयोजित यह अनुपम संगम और शोभायात्रा शहर के इतिहास में सदियों तक याद रखी जाएगी। हर वर्ग के सहयोग से ही इस यात्रा को इतना भव्य और अलौकिक रूप मिल सका। इस मौके पर निजी सचिव हरपिंदर शर्मा, निजी सचिव योगेश बिजारनिया, श्री अग्रवाल सभा के प्रधान जेपी गुप्ता सहित विभिन्न अग्र संस्थाओं के पदाधिकारी, श्याम बगीची के पदाधिकारी मौजूद थे।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles