शहीद भगत सिंह स्टेडियम सिरसा में कार्यक्रम आयोजित, पैरा एशियन गेम्स के रजत पदक विजेता प्रमोद बिजारणिया का किया सम्मान
पैरालंपिक-2028 में स्वर्ण पदक जीतना लक्ष्य : बिजारणिया
सिरसा,
शहीद भगत सिंह स्टेडियम सिरसा के हॉकी मैदान में बुधवार को जिला प्रशासन एवं जिला खेल कार्यालय की ओर से पैरा एथलीट प्रमोद बिजारणिया के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। जापान के आइची-नागोया में आयोजित पांचवें एशियाई पैरा खेल 2026 में पुरुषों की 1500 मीटर टी-46 स्पर्धा में रजत पदक जीतकर सिरसा का गौरव बढ़ाने वाले प्रमोद बिजारणिया को सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि पर पत्नी अरूणा देवी, पिता राममूर्ति तथा भाई नरेंद्र, प्रवीन व कुलदीप को भी सम्मानित किया गया। समारोह में कार्यकारी जिला खेल अधिकारी सीमा ने प्रमोद बिजारणिया को शॉल, स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सीनियर कोच भरत सिंह पूनिया, ग्रासरूट कोच राजेश कुमार, सुशील कुमार, हर्षवीर सिंह, लखविंदर, शंकर सैनी, रणजीत सिंह, परमजीत कौर, अनिल, करण, संदीप सहित अन्य खेल प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रमोद बिजारणिया ने बताया कि उनका अगला बड़ा लक्ष्य वर्ष 2028 में होने वाले पैरालंपिक खेलों में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना है। एशियाई पैरा खेलों में लगातार दूसरी बार रजत पदक जीतने के बाद उनका आत्मविश्वास और लक्ष्य दोनों और मजबूत हुए हैं।
प्रमोद की उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत : डीएसओ
कार्यकारी जिला खेल अधिकारी सीमा ने कहा कि प्रमोद बिजारणिया ने मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर सिरसा जिले का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि जिले के युवाओं और उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रमोद की सफलता यह संदेश देती है कि मजबूत इच्छाशक्ति, अनुशासन और निरंतर प्रयास से कठिन से कठिन चुनौतियों को पार कर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
एशियाई पैरा खेलों में लगातार दूसरी बार रजत पदक
प्रमोद बिजारणिया ने वर्ष 2023 में चीन के हांग्जो में आयोजित चौथे एशियाई पैरा खेलों में पुरुषों की 1500 मीटर टी-46 स्पर्धा में रजत पदक जीता था। वर्ष 2026 में जापान के आइची-नागोया में आयोजित पांचवें एशियाई पैरा खेलों में इसी स्पर्धा में उन्होंने एक बार फिर रजत पदक हासिल किया। इस बार उन्होंने 4 मिनट 09 सेकंड का समय दर्ज किया। इस तरह उन्होंने लगातार दूसरी बार एशियाई पैरा खेलों में इसी स्पर्धा का रजत पदक अपने नाम किया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन
प्रमोद बिजारणिया की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों का सिलसिला लगातार जारी रहा है। वर्ष 2025 में नई दिल्ली में आयोजित विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री में उन्होंने 1500 मीटर स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स इंटरनेशनल चैंपियनशिप में उन्होंने लगातार चार बार स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने वर्ष 2023, 2024, 2025 और 2026 में इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किए।
राष्ट्रीय स्तर पर भी अनेक पदक
प्रमोद बिजारणिया ने राष्ट्रीय स्तर पर भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने अब तक 3 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक जीते हैं। इसके अलावा खेलो इंडिया पैरा गेम्स में उन्होंने वर्ष 2023 और 2025 में रजत पदक हासिल किए हैं।
परिवार और प्रशिक्षकों के सहयोग से हासिल की सफलता
प्रमोद बिजारणिया ने अपनी सफलता की यात्रा में परिवार और प्रशिक्षकों के विशेष योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उनकी उपलब्धियों के पीछे परिवार के निरंतर सहयोग के साथ-साथ सीनियर कोच भरत सिंह पूनिया और ग्रासरूट स्तर पर प्रशिक्षण देने वाले राजेश कुमार व अन्य कोचों की मेहनत और मार्गदर्शन की भी अहम भूमिका रही है। प्रशिक्षकों ने उनकी प्रतिभा को निखारने, प्रशिक्षण को बेहतर बनाने और प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में लगातार सहयोग दिया। समारोह में उपस्थित खेल प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और गणमान्य नागरिकों ने प्रमोद बिजारणिया को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
