रबी सीजन 2026-27ः चना और मसूर के प्रमाणित बीज पर किसानों को मिलेगा अनुदान

रबी सीजन 2026-27ः चना और मसूर के प्रमाणित बीज पर किसानों को मिलेगा अनुदान
 

सिरसा,

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हरियाणा द्वारा रबी सीजन 2026-27 में दलहनी फसलों की खेती को बढ़ावा देने और किसानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चना एवं मसूर के प्रमाणित बीज वितरण की योजना लागू की गई है। योजना के तहत पात्र किसानों को निर्धारित नियमों के अनुसार प्रमाणित बीज पर अनुदान का लाभ दिया जाएगा। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. विनोद फोगाट ने बताया कि योजना के अंतर्गत किसानों को चना एवं मसूर की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके तहत बीज की किस्म की आयु के अनुसार अलग-अलग दरों पर अनुदान दिया जाएगा। योजना के तहत पांच वर्ष से कम पुरानी किस्मों के चना बीज पर किसानों को 75 प्रतिशत अथवा अधिकतम 6,000 रुपये प्रति क्विंटल अनुदान दिया जाएगा। इसी प्रकार, पांच वर्ष से कम पुरानी किस्मों के मसूर बीज पर 100 प्रतिशत अथवा अधिकतम 12,000 रुपये प्रति क्विंटल अनुदान का प्रावधान है। वहीं, पांच वर्ष से अधिक पुरानी किस्मों के चना बीज पर 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 4,000 रुपये प्रति क्विंटल तथा मसूर बीज पर 75 प्रतिशत अथवा अधिकतम 9,000 रुपये प्रति क्विंटल अनुदान दिया जाएगा।

किसानों की पात्रता और बीज की प्रामाणिकता का सत्यापन ओटीपी के माध्यम से किया जाएगा। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसान निर्धारित अंशदान जमा करवाकर हरियाणा बीज विकास निगम तथा राष्ट्रीय बीज निगम के बिक्री केंद्रों से प्रमाणित बीज प्राप्त कर सकेंगे। विभाग के अनुसार, योजना के तहत एक किसान अधिकतम 2.5 एकड़ क्षेत्र में बुवाई के लिए बीज प्राप्त कर सकता है। बीज वितरण की प्रक्रिया बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण अथवा चेहरे की पहचान (फेस रिकोगनाइजेशन) के माध्यम से पूरी की जाएगी। डॉ. विनोद फोगाट ने किसानों से अपील की कि वे योजना का लाभ उठाकर चना एवं मसूर की खेती को अपनाएं और दलहनी फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने में सहयोग करें। चना और मसूर की खेती को बढ़ावा देने के लिए ब्लॉक स्तर पर होंगे प्रदर्शन प्लॉट

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हरियाणा द्वारा रबी सीजन 2026-27 के दौरान दलहनी फसलों की खेती को बढ़ावा देने और किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से मिशन फॉर आत्मनिर्भरता इन पल्सेज के तहत ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन प्लॉट आयोजित किए जाएंगे। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ विनोद फोगाट ने बताया कि जिला में रबी सीजन 2026-27 के दौरान चना की फसल के लिए 100 एकड़ क्षेत्र में ब्लॉक स्तरीय प्रदर्शन आयोजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें सामान्य श्रेणी के किसानों के लिए 80 एकड़ तथा अनुसूचित जाति श्रेणी के किसानों के लिए 20 एकड़ क्षेत्र शामिल है।

इसी प्रकार, मसूर की फसल के लिए जिले में 25 एकड़ क्षेत्र में प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। इसमें सामान्य श्रेणी के किसानों के लिए 20 एकड़ तथा अनुसूचित जाति श्रेणी के किसानों के लिए 5 एकड़ क्षेत्र निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत चना एवं मसूर की ऐसी उन्नत किस्मों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो अधिक उपज देने वाली, स्थानीय जलवायु के अनुकूल तथा कीटों एवं रोगों के प्रति प्रतिरोधी हों। प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित मिशन दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालित किए जाएंगे, ताकि किसान आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर दलहनी फसलों का उत्पादन बढ़ा सकें।

उन्होंने जिला के किसानों से अपील की है कि वे चना एवं मसूर जैसी दलहनी फसलों की खेती अपनाएं और योजना का लाभ लेने के लिए संबंधित खंड कृषि अधिकारी से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त करें।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles