प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा ने कहा कि भाजपा शासनकाल में महंगाई लगातार बढ़ रही है
सिरसा।
प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा ने कहा कि भाजपा शासनकाल में महंगाई लगातार बढ़ रही है और इसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। त्योहारों के सीजन में जहां हर परिवार अपने घर की जरूरतों के साथ-साथ खुशियों के लिए खरीदारी करना चाहता है, वहीं बढ़ती महंगाई ने लोगों के सामने आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है। आज आमदनी अठन्नी और खर्चा दो रुपया वाली स्थिति बन गई है। जारी बयान में शर्मा ने कहा कि आम आदमी के लिए अब घर की जरूरी वस्तुओं की खरीदारी करना ही मुश्किल होता जा रहा है। त्योहारों के अवसर पर कपड़े, मिठाइयां, घरेलू सामान और अन्य जरूरी चीजें खरीदना लोगों के बजट से बाहर होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति सरकार की जनविरोधी नीतियों का परिणाम है। भाजपा सरकार ने सत्ता में आने से पहले जनता को महंगाई कम करने और आम लोगों को राहत देने का भरोसा दिलाया था, लेकिन आज लोगों को अपने रोजमर्रा के खर्च पूरे करने के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि खाने-पीने की वस्तुओं, सब्जियों, खाद्य तेल, पेट्रोल और अन्य जरूरी सामान के दाम लगातार आम आदमी की चिंता बढ़ा रहे हैं। रसोई का बजट बिगड़ चुका है और मध्यमवर्गीय तथा गरीब परिवारों के लिए परिवार का खर्च चलाना चुनौती बन गया है। त्योहारों के समय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद रहती है, लेकिन बढ़ती कीमतों ने त्योहारों की खुशियों पर भी असर डाला है। राजकुमार शर्मा ने कहा कि सरकार को केवल घोषणाओं और वादों तक सीमित रहने के बजाय महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। आम जनता को राहत देने के लिए जरूरी वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण, पेट्रोल-डीजल के दामों में राहत और खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करना समय की मांग है। राजकुमार शर्मा ने कहा कि सरकार को आम आदमी की आर्थिक परेशानियों को समझते हुए जनता से किए गए वादों को पूरा करना चाहिए।
