मंडी में धान के उठान कार्य में लाएं तेजी : एसडीएम

मंडी में धान के उठान कार्य में लाएं तेजी : एसडीएम
 

डबवाली,

एसडीएम योगेश दिल्होर ने सोमवार को अधिकारियों व संबंधित खरीद एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में धान खरीद, उठान और मिलों को धान आवंटन की वर्तमान स्थिति की विस्तार से समीक्षा की।बैठक में बताया गया कि अब तक कुल धान खरीद लगभग 10,57,200 क्विंटल (संभावित) दर्ज की गई है, जबकि इसमें से 6,10,883 क्विंटल धान का उठान पूरा हो चुका है।एसडीएम ने अधिकारियों को खरीद और उठान कार्यों में और तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों की फसल की खरीद सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार ही हो, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न आए।

बैठक में शेरगढ़ स्थित महालक्ष्मी एग्रो इंडस्ट्रीज में बिना पंजीकरण के अवैध रूप से धान की खरीद किए जाने की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मार्केट कमेटी की टीम ने मौके पर जाकर गहन जांच की। जांच के दौरान संबंधित किसानों के 'मेरी फसल मेरा ब्यौरा'  रिकॉर्ड का बारीकी से मिलान और अवलोकन किया गया। इसके अलावा हेफेड एजेंसी द्वारा महालक्ष्मी राइस मिल का भौतिक सत्यापन भी किया गया। जांच और सत्यापन की इस संयुक्त कार्रवाई में मिल की स्थिति पूरी तरह सही पाई गई। अधिकारियों के अनुसार, मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है और शिकायत निराधार पाई गई। मार्केट कमेटी के अधिकारियों ने कहा कि धान खरीद प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और किसानों के हितों की रक्षा करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खरीद और उठान कार्यों की चौबीसों घंटे निरंतर निगरानी की जा रही है। सभी संबंधित एजेंसियों और राइस मिलर्स को सख्त हिदायत दी गई है कि वे निर्धारित सरकारी नियमों और तय गाइडलाइंस के दायरे में रहकर ही कार्य करें।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles