अंतिम छोर पर खड़े परिवारों तक पहुँचा सिंगला परिवार, सिकलीगर व सिंगिकाट मोहल्ले के संग बांटी खुशियां

अंतिम छोर पर खड़े परिवारों तक पहुँचा सिंगला परिवार, सिकलीगर व सिंगिकाट मोहल्ले के संग बांटी खुशियां
 

सिरसा।

समाज के अंतिम छोर पर खड़े जरूरतमंद परिवारों के बीच खुशियां बांटने और आत्मीयता का संदेश देने की कड़ी में प्रो. गणेशी लाल परिवार द्वारा सिकलीगर मोहल्ला (चत्तरगढ़ पट्टी) और सिंगिकाट मोहल्ले में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में बच्चों, बहनों और भाइयों में खुशियों का दीपक प्रज्वलित किया गया। आपको बता दें कि सिंगिकाट मोहल्ला एक ऐसा क्षेत्र है, जहां रहने वाले परिवार प्रतिदिन शहर भर से कागज और कचरा बीनकर स्वच्छता बनाए रखने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल, उनके बेटे मनीष सिंगला व पौत्र लक्ष्य सिंगला ने इन श्रमजीवी परिवारों और छोटे-छोटे बच्चों के बीच पहुंचकर दीपावली मनाई। प्रो. गणेशी लाल व मनीष सिंगला ने कहा कि जो लोग शहर को साफ और सुंदर रखने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं, उनके चेहरे पर मुस्कान लाना और उनके साथ खुशियां बांटना ही सच्चे अर्थों में दीपावली मनाना है।

इसके पश्चात चत्तरगढ़ पट्टी स्थित सिकलीगर मोहल्ले में पहुंचे, जो समाज के अंतिम छोर पर खड़ा बसा क्षेत्र है। आज से करीब 30 वर्ष पूर्व जब प्रो. गणेशी लाल हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री थे, तब उनके प्रयासों से इस मोहल्ले के अनेक जरूरतमंद परिवारों को अपने पक्के मकान बनाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था। विगत 30 वर्षों के लंबे सफर में प्रो. गणेशी लाल चाहे हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे हों, हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे हों, अनुशासन समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष, विभिन्न राज्यों के प्रभारी रहे हों या फिर ओडिशा के राज्यपाल के संवैधानिक पद पर आसीन रहे हों—वे हर वर्ष इन मोहल्लों में जाकर बच्चों और स्थानीय परिवारों संग दीपावली मनाना कभी नहीं भूले।

कार्यक्रम के दौरान सिकलीगर मोहल्ले के सैकड़ों बच्चों, बहनों और भाइयों ने गर्मजोशी से सभी का स्वागत किया। आयोजन में नन्हे-मुन्ने बच्चों को आतिशबाजी व मिठाइयां बांटने के साथ-साथ पटाखों के लिए नकद राशि प्रदान की गई, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। वहीं आने वाली सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए बहनों को चप्पलें और भाइयों को सम्मान स्वरूप गर्म शॉल भेंट किए गए। इस अद्भुत और भावुक आयोजन में प्रियंका बोमरा, आनंद रावत, बलवंत शैली, निजी सचिव हरपिंदर शर्मा, निजी सचिव योगेश बिजारनिया सहित स्थानीय मोहल्लेवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इसके अलावा शहर के विभिन्न वार्डों से आए पार्षदों दीपक बंसल, सुमन शर्मा, राजेंद्र, जोगिंदर जी, चंचल रानी, जसपाल सिंह जी, रितेश सरदाना, हिम्मत सैनी, मुकेश रोहिल्ला, सुमित अरोड़ा, सुरेश दड़बा, मनीष डोरी लाल प्रमुख रूप से शामिल रहे। कार्यक्रम के समापन पर प्रो. गणेशी लाल व मनीष सिंगला ने सभी को त्योहारों की हार्दिक शुभकामनाएं व बधाई दी।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles