सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक व अन्य गतिविधियों में बढ़-चढक़र हिस्सा लें विद्यार्थी : एडीसी

सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक व अन्य गतिविधियों में बढ़-चढक़र हिस्सा लें विद्यार्थी : एडीसी
 

बाल दिवस के उपलक्ष्य में 28 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही विभिन्न प्रतियोगिताओं का शुभारंभ

सिरसा, 21 अक्टूबर

जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समय-समय पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में बाल दिवस के अवसर पर 21 से 28 अक्टूबर तक विभिन्न वर्गों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। बुधवार को अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित सिंगल ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलना चाहिए। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों में भाग लेना भी जरूरी है। ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है तथा उन्हें आगे बढऩे का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि बाल कल्याण परिषद द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं का उद्देश्य बच्चों को सही दिशा में आगे बढ़ाना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा के माध्यम से अपना और अपने देश का नाम रोशन कर सकें। जिला बाल कल्याण अधिकारी नरेंद्र सिंह मलिक ने बताया कि आयोजित प्रतियोगिताओं में देशभक्ति समूह गान, थिएटर प्ले, ग्रुप डांस, सोलो डांस तथा पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इन प्रतियोगिताओं में 500 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। इस अवसर पर मंच संचालन अरुण कुमार ने किया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी पूनम नागपाल, अमन रेजा, सतीश तथा बाल भवन का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles