तेजाब हमले की पीड़िता को 12.98 लाख रुपये से अधिक की चिकित्सा प्रतिपूर्ति और एक लाख रुपये की अंतरिम राहत मंजूर

 
तेजाब हमले की पीड़िता को 12.98 लाख रुपये से अधिक की चिकित्सा प्रतिपूर्ति और एक लाख रुपये की अंतरिम राहत मंजूर

 

 

महिला एवं बाल विकास विभाग की राज्य स्तरीय कमेटी की बैठक में लिया गया निर्णय

 

चंडीगढ़, 28 नवंबर-हरियाणा की महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार तेजाब हमले से प्रभावित पीड़ितों को समय पर आर्थिक सहायता, बेहतर चिकित्सा सुविधाएं और पुनर्वास सहायता प्रदान के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य पीड़ितों को हर तरह की सहायता मुहैया करवा कर उन्हें संबल प्रदान करना है, ताकि वे सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें और कठिन परिस्थितियों से उबर सकें

 

श्रीमती श्रुति चौधरी आज पंचकूला में तेजाब हमले से प्रभावित पीड़ितों की  सहायता के लिए गठित राज्य स्तरीय कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं।

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तेजाब हमले से प्रभावित महिलाओं, बालिकाओं और 18 वर्ष तक के बालकों के उपचार एवं पुनर्वास के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। विभाग द्वारा संचालित तेजाब पीड़ित राहत एवं पुनर्वास योजना के तहत पीड़ितों को एक लाख रुपये की अंतरिम राहत तथा 100 प्रतिशत निःशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाती है।

 

राज्य स्तरीय कमेटी की बैठक में जींद जिले की एक पीड़िता के तेजाब हमले के उपचार पर हुए खर्च की चिकित्सा प्रतिपूर्ति के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।

 

कमेटी ने पीड़िता के उपचार पर खर्च हुए  11,12,614 रुपये तथा 85,953 रुपये के मेडिकल बिलों की प्रतिपूर्ति को मंजूरी प्रदान की। इसके अतिरिक्त, पीड़िता को योजना के तहत एक लाख रुपये की अंतरिम राहत राशि देने की भी स्वीकृति दी गई। इस प्रकार पीड़िता को कुल 12,98,567 रुपये की चिकित्सा प्रतिपूर्ति एवं अंतरिम राहत राशि स्वीकृत की गई है।

 

महिला एवं बाल विकास मंत्री मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़िता को दिव्यांग पेंशन दिलाने के लिए सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग को लिखा जाए। इसके अलावा, तेजाब हमले के पीड़ितों को योजना की जानकारी देने के लिए प्रचार अभियान चलाया जाए ताकि वे अपने अधिकार से वंचित न रहें।

 

बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव शेखर विद्यार्थी, निदेशक डॉ. प्रियंका सोनी, सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग के निदेशक एवं विशेष सचिव श्री मुकुल कुमार, डीजी डॉक्टर मनीष बंसल और पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

About the Author

Atal Hind
Atal Hind atalhind@gmail.com

40 Articles