हरियाणा में इन अधिकारियों का रुकेगा वेतन, सरकार ने जारी किए नए निर्देश
हरियाणा के सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। अब सुनिश्चित करियर प्रगति (ACP) के वित्तीय लाभ लेने के लिए कर्मचारियों को लंबे समय तक कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। हरियाणा सरकार ने एसीपी मामलों के निपटारे में तेजी लाने के लिए नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की है। इसके तहत सभी एसीपी मामलों का निपटारा अधिकतम 30 दिन के भीतर करना अनिवार्य होगा।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में फाइल आगे नहीं बढ़ाने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों का वेतन रोकने के साथ-साथ उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है। एसीपी से जुड़ी पूरी प्रक्रिया हरियाणा के एचआरएमएस (HRMS) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन संचालित होगी।
हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन (हसला) के राज्य प्रधान सतपाल सिंधु ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि नई एसओपी लागू होने से हजारों शिक्षकों और कर्मचारियों को समय पर वित्तीय लाभ मिल सकेंगे। इसके अलावा एसीपी मामलों में होने वाली अनावश्यक देरी और भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगेगा।
<strong>टीजीटी, पीजीटी, प्रिंसिपल और क्लर्क के मामलों की मंजूरी निदेशालय स्तर पर</strong>
नई एसओपी के अनुसार टीजीटी, पीजीटी, प्रिंसिपल और क्लर्क के एसीपी मामलों की जांच और मंजूरी स्कूल शिक्षा निदेशालय स्तर पर की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी के स्तर पर फाइल निपटाने की अलग-अलग समय सीमा निर्धारित की गई है।
संबंधित डीडीओ को एचआरएमएस पोर्टल पर एसीपी केस शुरू करके चार दिन के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (DEEO) कार्यालय के क्लर्क को भेजना होगा।
इसके बाद क्लर्क को दो दिन, सहायक को तीन दिन, उप अधीक्षक और अधीक्षक को दो-दो दिन तथा सेक्शन अधिकारी और लेखा अधिकारी को दो दिन के भीतर अपनी प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
जिला शिक्षा अधिकारी और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को दो दिन में मामला स्कूल शिक्षा निदेशालय मुख्यालय के संबंधित सहायक के पास भेजना होगा। मुख्यालय में सहायक को पांच दिन के भीतर मामले की जांच कर फाइल शाखा अधीक्षक को भेजनी होगी।
शाखा अधीक्षक को दो दिन में फाइल संयुक्त निदेशक या अतिरिक्त निदेशक के पास भेजनी होगी। संबंधित संयुक्त निदेशक अथवा अतिरिक्त निदेशक को छह दिन के भीतर मामले पर विचार कर मंजूरी देनी होगी। अंतिम चरण में शाखा अधीक्षक को दो दिन के भीतर एचआरएमएस पोर्टल पर एसीपी का आदेश जारी करना होगा।
<strong>जेबीटी, पीआरटी और सीएंडवी शिक्षकों के एसीपी मामलों की मंजूरी जिला स्तर पर</strong>
सरकार ने प्राथमिक शिक्षकों के लिए अलग व्यवस्था की है। जेबीटी, पीआरटी और सीएंडवी शिक्षकों के एसीपी मामलों की मंजूरी जिला शिक्षा अधिकारी या जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी स्तर पर ही दी जाएगी।
इसके तहत संबंधित डीडीओ को सात दिन के भीतर एचआरएमएस पोर्टल पर केस शुरू करके डीईईओ कार्यालय के क्लर्क के पास भेजना होगा। क्लर्क को तीन दिन में मामला डीलिंग असिस्टेंट के पास भेजना होगा।
डीलिंग असिस्टेंट एसीपी देने के लिए आवश्यक नोटिंग तैयार करके उप अधीक्षक या अधीक्षक को भेजेगा। इसके बाद उप अधीक्षक और अधीक्षक को तीन दिन में जांच पूरी करके मामला सेक्शन अधिकारी या लेखा अधिकारी के पास भेजना होगा।
सेक्शन अधिकारी और लेखा अधिकारी के लिए छह दिन की समय सीमा तय की गई है। इसके बाद डीईईओ को तीन दिन के भीतर मामले पर विचार करके मंजूरी देनी होगी। अंतिम चरण में अधीक्षक को तीन दिन के भीतर एचआरएमएस पोर्टल पर एसीपी आदेश जारी करना होगा।
<strong>दस्तावेजों की कमी होने पर पोर्टल पर तुरंत मिलेगी सूचना</strong>
नई एसओपी में एसीपी मामलों की पारदर्शिता और दस्तावेजों की जांच पर भी विशेष जोर दिया गया है। यदि किसी कर्मचारी के केस में दस्तावेजों की कमी या किसी प्रकार की विसंगति पाई जाती है तो इसकी सूचना एचआरएमएस पोर्टल के माध्यम से तुरंत संबंधित कर्मचारी को देनी होगी।
इसके अलावा फाइल को आगे भेजने या एसीपी की मंजूरी देने से पहले कर्मचारी के सेवा रिकॉर्ड और अन्य जरूरी दस्तावेजों की उचित जांच करना अनिवार्य होगा।
सरकार की इस नई व्यवस्था से उम्मीद है कि शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों के लंबित एसीपी मामलों का तेजी से निपटारा होगा और उन्हें समय पर वित्तीय लाभ मिल सकेंगे।
##
