हरियाणा में बदला मौसम: पंचकूला में तेज बारिश के साथ गिरे ओले, देखें अगले 5 दिन का मौसम पूर्वानुमान
हरियाणा में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। कई जिलों में बुधवार को झमाझम बारिश हुई। जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिली है और मौसम सुहावना हो गया है। बुधवार दोपहर को पंचकूला में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई।
वहीं अंबाला, यमुनानगर में काले बादल छाए हुए है। इन जिलों में भी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने आज पूरे दिन अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद में यलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार देर रात भी पानीपत- सोनीपत में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।
अब अगले 5 दिनों तक राज्य में बारिश होने के आसार है। 7 अक्टूबर की रात से 9 अक्टूबर तक पहले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तरी हरियाणा में बारिश की संभावना है। इसके बाद 10 से 12 अक्टूबर तक दूसरे पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
<strong>अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम ?</strong>
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार प्रदेश में आज 7 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक बारिश की संभावना है। इस दौरान दो वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होंगे। जिसके प्रभाव से कई जिलों में 12 अक्टूबर तक हल्की से मध्यम बारिश होगी। बारिश के साथ बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
<strong>बारिश से बदला मौसम, तापमान में आई गिरावट</strong>
मौसम में इस बदलाव और बारिश के कारण तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। 7 अक्टूबर की सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में कल की तुलना में 0.5 डिग्री की मामूली गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसके बावजूद यह सामान्य तापमान से 2.4 डिग्री अधिक बना हुआ है। लेकिन आने वाले दिनों में तापमान में और ज्यादा गिरावट दर्ज हो सकती है।
