हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड: नए परीक्षा केन्द्र के लिए 30 सितंबर तक करें आवेदन

शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 10वीं व 12वीं में विद्यालय परिवर्तन/सीधे प्रवेश हेतु अभिभावकों को बड़ी राहत
- अब नोटरी शपथ-पत्र की आवश्यकता नहीं- बोर्ड अध्यक्ष एवं सचिव
भिवानी //07 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
भिवानी के हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आगामी परीक्षाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रेस नोट जारी किया गया है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित करवाई जाने वाली सैकेण्डरी व सीनियर सैकेण्डरी परीक्षा फरवरी व मार्च 2027 के लिए नए परीक्षा केन्द्र बनाए जाने हैं। इसके लिए राजकीय, अनुदान प्राप्त व अराजकीय स्थाई मान्यता प्राप्त विद्यालय अपने भवन में नया परीक्षा केन्द्र बनवाने हेतु आवेदन कर सकते हैं। विद्यालयों को निर्धारित शुल्क एवं आवश्यक दस्तावेजों सहित 30 सितंबर 2026 तक आवेदन करना होगा।
आवेदन करने की पूरी प्रक्रिया और नियम
यह जानकारी हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष श्री शंकर लाल धूपड़ एवं सचिव श्री दीपक बाबूलाल करवा, भा.प्र.से. द्वारा दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि जो विद्यालय सैकेण्डरी एवं सीनियर सैकेण्डरी परीक्षा फरवरी व मार्च 2027 के लिए नया परीक्षा केन्द्र बनवाना चाहते हैं, वे बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर जा सकते हैं। इस वेबसाइट पर परीक्षा केन्द्र स्थापना फार्म उपलब्ध है जिसे डाउनलोड किया जा सकता है। विद्यालयों को इस फार्म को पूर्ण रूप से भरकर संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी की सिफारिश लेनी होगी। इसके बाद निर्धारित तिथि 30 सितंबर 2026 तक इसे बोर्ड कार्यालय में दस्ती या पंजीकृत डाक के माध्यम से भिजवाना सुनिश्चित करना होगा।
भवन का नक्शा और अन्य जरूरी शर्तें
आवेदन फार्म के साथ विद्यालय भवन की योजना का नक्शा लगाना अनिवार्य है। परीक्षा केन्द्र बनाने के लिए भवन के जिस भाग का प्रयोग किया जाना है, उस हिस्से को लाल पेंसिल से अंकित किया जाना आवश्यक है। इसके साथ ही यह भी इंगित किया जाना जरूरी है कि हॉल और कमरे आपस में जुड़े हुए हैं या नहीं। प्रत्येक कमरे व हॉल का माप भी आवेदन में स्पष्ट रूप से दर्शाया जाना चाहिए। विद्यालय भवन मुख्य सडक़ के पास होना चाहिए। इसके अलावा विद्यालय में कुल 16 सीसीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था होनी अनिवार्य है। इनमें से 13 कैमरे कमरों में, 01 कैमरा कन्ट्रोल रूम या केन्द्र अधीक्षक के कमरे में और 02 कैमरे विद्यालय परिसर को कवर करने के लिए होने चाहिए। परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों के बैठने के लिए डेस्क होने अनिवार्य हैं।
छात्र संख्या और शुल्क से संबंधित दिशा-निर्देश
सैकेण्डरी परीक्षा के नए केन्द्र के लिए कम से कम 200 परीक्षार्थी होने आवश्यक हैं। वहीं सीनियर सैकेण्डरी परीक्षा के लिए कम से कम 150 परीक्षार्थियों का होना अनिवार्य किया गया है। नए परीक्षा केन्द्र के निर्माण के लिए 12000 रुपये परीक्षा केन्द्र स्थापना शुल्क और 3000 रुपये निरीक्षण शुल्क के रूप में जमा करवाने होंगे। राजकीय, अनुदान प्राप्त व अराजकीय स्थाई मान्यता प्राप्त विद्यालयों में नया परीक्षा केन्द्र बनवाने संबंधित सभी आवश्यक दिशानिर्देश एवं नियम व शर्तें बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध हैं।