हेली मंडी से रामपुर सड़क के खड्डों को समतल करने का काम हुआ शुरू, खबर का हुआ बड़ा असर

खबर का असर
... आखिर शर्म किसको आई ? पार्षदों या परिषद प्रशासन को !
हेली मंडी से रामपुर सड़क के खड्डों को समतल करने का काम शुरू किया गया
9 जुलाई को समाचार प्रकाशित, "सड़क बनेगी जब बनेगी, लेकिन इसके गड्ढे तो भरवा दो"
हेली मंडी से रामपुर और हेली मंडी से मिर्जापुर स्मार्ट रोड बनाया जाना प्रस्तावित
पटौदी/गुरुग्राम / 17 अगस्त 2026 /फतह सिंह उजाला / अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
पटौदी जाटोली मंडी परिषद के पुराना हेली मंडी रामपुर गेट से गांव रामपुर तक सड़क मार्ग को एक प्रकार से मिनी बायपास माना जाता है। यह सड़क एक दशक से अधिक पुराने समय से मजबूत तरीके से बनाए जाने के इंतजार में है । इसके सुधारीकरण के लिए भाजपा शासन काल में दो अलग-अलग विधायकों के द्वारा शिलान्यास शीला भी रखी जा चुकी। पटौदी जाटोली मंडी परिषद चुनाव में हेली मंडी से रामपुर और हेली मंडी से मिर्जापुर सड़क मार्ग की जर्जर हालत और आमजन की परेशानी चुनावी मुद्दा भी बना।
सड़क मार्केट कमेटी प्रशासन के अधीन होने की वजह से और पटौदी जाटोली मंडी परिषद के चुने हुए पार्षदों के चुनावी वादे को देखते हुए मामला पेचीदा हो गया। अंततः जैसे-तैसे एनओसी की औपचारिक पुरी की गई । कथित रूप से फरवरी महीने से लेकर मौजूदा समय तक सड़क निर्माण के मार्ग को लेकर परिषद हाउस में पार्षदों के द्वारा दिल खोलकर भ्रष्टाचार के आरोप तक लगाए जा चुके हैं । सड़क मार्ग नहीं बने और आम जनमानस को हो रही परेशानी का मुद्दा, लगातार समाचार पत्रों के माध्यम से उठाया जाता रहा है।

9 जुलाई को विभिन्न समाचार पत्रों में रामपुर हेली मंडी सड़क बनेगी जब बनेगी लेकिन इसके खड्डों को तो भरवा दो । शीर्षक के साथ में समाचार प्रमुखता से प्रकाशित हुए । उस समय दावा किया गया कि सड़क की संबंधित फाइल एफ एंड सीसी से अप्रूवल के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय में मंजूरी और इसके लागत बजट के विषय में पहुंचा दी गई है । इसी बीच में मानसून के सक्रिय होने से हेलीमंडी से रामपुर के बीच एक दर्जन से अधिक इस सड़क पर गहरी और खतरनाक खड्डों
बन गए । बरसाती पानी भरने से नित्य प्रति एक्सीडेंट होना सामान्य बात हो गई । वास्तव में हेली मंडी और रामपुर सड़क मार्ग पटौदी क्षेत्र के लगभग 20 गांव का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग बना हुआ है।
15 अगस्त के उपरांत अब हेली मंडी और रामपुर के बीच में खतरनाक जानलेवा और दुर्घटनाओं को निमंत्रण देने वाले पानी से भरे हुए खतरनाक खड्डों पर मलवा डालकर समतल बनाने का काम आरंभ किया गया। इस प्रकार के किए जाने वाले कार्य को लेकर भी सोशल मीडिया पर बिना किसी का नाम लिए हुए व्यवस्था और सिस्टम खूब ट्रोलिंग हो रही है । लोगों का कहना है कि कच्चा पक्का मलवा समतल करने के लिए खड्डा में डाला जा रहा है। मामूली सी बरसात होते ही यह मलवा निश्चित रूप से वाहन चालकों में दो पहिया वाहन चालकों के लिए जी का जंजाल बनने से इनकार नहीं । अभी मानसून समाप्त नहीं हुआ है । लोगों में यही जिज्ञासा बनी हुई है कि हेली मंडी से रामपुर और हेली मंडी से मिर्जापुर के बीच बनाए जाने वाले समाज सड़क मार्ग जिनकी लागत लगभग 10 करोड रुपए बताई गई है। उनकी फाइल चंडीगढ़ से कब फाइनल होगी और इसके बाद कब टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। उसके बाद कितना समय और समाज सड़क मार्ग बनाए जाने में लगेगा।