नरवाना के केएम राजकीय महाविद्यालय में हुआ हिंदी भाषा और रोजगार के अवसर पर विस्तार व्याख्यान का आयोजन

नरवाना के केएम राजकीय महाविद्यालय में हुआ हिंदी भाषा और रोजगार के अवसर पर विस्तार व्याख्यान का आयोजन

केएम राजकीय महाविद्यालय में हिंदी भाषा और रोजगार के अवसर विषय पर विस्तार व्याख्यान का आयोजन

वर्तमान समय में हिन्दी रोजगार और व्यावसायिक विकास की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण-डॉ. दीपक पांडेय।

नरेंद्र जेठी/नरवाना /27 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

केएम राजकीय महाविद्यालय नरवाना में हिंदी विभाग द्वारा हिंदी भाषा और रोजगार के अवसर विषय पर विस्तार व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय हिंदी निदेशालय, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के सहायक निदेशक डॉ. दीपक पांडेय मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। डॉ. दीपक पांडेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी केवल साहित्य और भाषा का विषय नहीं है, बल्कि वर्तमान समय में यह रोजगार और व्यावसायिक विकास की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने हिंदी भाषा के बढ़ते वैश्विक प्रभाव तथा विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी क्षेत्रों में हिंदी के माध्यम से उपलब्ध रोजगार की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि अनुवाद, पत्रकारिता, जनसंचार, लेखन, संपादन, प्रकाशन, विज्ञापन, मंच संचालन, राजभाषा कार्य, डिजिटल मीडिया, कंटेंट राइटिंग तथा शिक्षण क्षेत्र अध्यापक व प्राध्यापक बनने जैसे अनेक क्षेत्रों में हिंदी के विद्यार्थियों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को बदलते तकनीकी परिवेश के अनुरूप हिंदी के साथ कंप्यूटर एवं डिजिटल कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य वक्ता ने कहा कि आज हिंदी इंटरनेट, सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर तेजी से विस्तार कर रही है। इसलिए हिंदी भाषा में दक्षता रखने वाले युवाओं के लिए नए अवसर निरंतर विकसित हो रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भाषा की शुद्धता, प्रभावशाली अभिव्यक्ति तथा व्यावहारिक कौशल पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मीनू सिंह ने मुख्य वक्ता का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे व्याख्यान विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से आगे बढक़र भाषा और रोजगार की वास्तविक संभावनाओं को समझने में सहायता करते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से डॉ. पांडेय के विचारों को अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मुख्य वक्ता से हिंदी भाषा, अनुवाद, डिजिटल मीडिया और रोजगार से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. दीपक पांडेय ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। कार्यक्रम के अंत में हिंदी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर जगबीर दूहन ने प्राचार्य महोदया का विशेष आभार प्रकट किया जो समय-समय पर हिंदी विभाग द्वारा किए जा रहे शिक्षणेत्तर कार्यों के लिए अपना सहयोग प्रदान करती हैं।

व्याख्यान में उपस्थित मुख्य वक्ता सभी प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों का भी धन्यवाद प्रकट किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रोफेसर राजेश श्योकंद व सुल्तान सिंह ने किया कार्यक्रम को सफल बनाने में हिंदी प्रोफेसर कविता कुमारी ,सुमन देवी व स्नातकोत्तर हिंदी द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में महादेवी वर्मा पार्क में मुख्य अतिथि ने पौधारोपण किया। विस्तार व्याख्यान में महाविद्यालय के प्राध्यापक सज्जन कुमार, मनजीत सिंह, सुरेंद्र कुमार व बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Share:

Comments

Leave a comment