हिसार के अग्रोहा में खाद-बीज की दुकान पर सीएम फ्लाइंग और कृषि विभाग की छापेमारी, ब्लैक में बिक रही थी यूरिया

Team Atal Hind11 August 20262 min read16 viewsहिसार
हिसार के अग्रोहा में खाद-बीज की दुकान पर सीएम फ्लाइंग और कृषि विभाग की छापेमारी, ब्लैक में बिक रही थी यूरिया

सरकार द्वारा किसानों को निर्धारित दर पर यूरिया खाद उपलब्ध करवाई जा रही है, लेकिन हिसार जिला के अग्रोहा में एक खाद-बीज विक्रेता द्वारा यूरिया की कथित ब्लैक मार्केटिंग और किसानों को जबरन अन्य उत्पाद टैग कर बेचने का मामला सामने आया है। इस सूचना पर सीएम फ्लाइंग व कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को अग्रोहा स्थित 'मैं किसान सेवा केंद्र' नामक खाद-बीज की दुकान पर छापेमारी की। जांच के दौरान टीम को यूरिया निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेचने सहित कई अनियमितताएं मिली हैं। मामले में संयुक्त टीम ने संबंधित दुकानदार के खिलाफ आगामी कार्रवाई के लिए अग्रोहा पुलिस को शिकायत दी है।

छापेमारी करने वाली संयुक्त टीम और बोगस ग्राहक की कार्रवाई

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

इस रेड का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने किया। टीम में कृषि विभाग की क्यूसीआई डॉ. प्रियंका, एसडीओ अजीत, सब इंस्पेक्टर कृष्ण, एएसआई सुरेंद्र, हेड कांस्टेबल विजय तथा कांस्टेबल भूपेंद्र शामिल रहे। सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि अग्रोहा में उक्त खाद विक्रेता द्वारा किसानों को यूरिया निर्धारित कीमत से अधिक पर बेचा जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त टीम गठित की गई और एक व्यक्ति को बोगस ग्राहक बनाकर खाद की दुकान पर भेजा गया। टीम के अनुसार बोगस ग्राहक को एक बैग यूरिया निर्धारित कीमत 267 रुपये के बजाय 280 रुपये में दिया गया और इसके साथ अन्य उत्पाद भी जबरन टैग किया गया। इसके बाद टीम ने तत्काल दुकान पर रेड की और खाद विक्रेता के स्टॉक एवं बिक्री रिकॉर्ड सहित अन्य दस्तावेजों की जांच शुरू की।

किसान से अधिक वसूली और पांच हजार से ज्यादा यूरिया बैग का स्टॉक

जांच के दौरान टीम के सामने एक किसान का मामला भी आया, जिसमें आरोप है कि उससे यूरिया खाद के निर्धारित मूल्य 267 रुपये प्रति बैग के बजाय 300 रुपये प्रति बैग वसूले गए। किसान द्वारा इस संबंध में टीम को संबंधित प्रमाण भी उपलब्ध करवाए गए हैं। टीम ने दुकान पर उपलब्ध स्टॉक, बिक्री रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच की। अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान यूरिया की बिक्री में निर्धारित नियमों का उल्लंघन सामने आया तथा अन्य अनियमितताएं भी पाई गईं। इसके बाद संयुक्त टीम ने मामले में अग्रोहा पुलिस को शिकायत देकर आगामी कार्रवाई के लिए सुपुर्द किया गया है। खाद विक्रेता के गोदाम में संयुक्त टीम को लगभग 5000 बैग से ज्यादा यूरिया खाद जांच के दौरान मिले हैं। इसके बावजूद दुकानदार द्वारा किसानों को ब्लैक में यूरिया खाद की बिक्री की जा रही थी तथा अन्य उत्पाद टैग करके बेचे जा रहे थे। सीएम फ्लाइंग रेंज इंचार्ज सुनैना ने कहा कि सरकार किसानों को सब्सिडी पर उर्वरक उपलब्ध कराती है, ताकि उन्हें कृषि कार्य के लिए खाद उचित एवं निर्धारित मूल्य पर मिल सके। वर्तमान में किसानों को यूरिया का एक बैग 267 रुपये निर्धारित मूल्य पर उपलब्ध कराया जा रहा है।

Share:

Comments

Leave a comment