हिसार में पांच हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर कपिल गिरफ्तार, 13 आपराधिक मामलों में था वांछित

हिसार में पांच हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर कपिल गिरफ्तार, 13 आपराधिक मामलों में था वांछित

हिसार जिले में अपराधियों और वांछित आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी बालसमंद निवासी कपिल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ हिसार जिले में हत्या, हत्या के प्रयास, लड़ाई-झगड़े, आर्म्स एक्ट तथा एससी/एसटी एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में कुल 13 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा आरोपी चार मामलों में उद्घोषित अपराधी यानी पीओ भी घोषित किया जा चुका है।

पुलिस लगातार कर रही थी दबिश

पुलिस के अनुसार आरोपी कपिल की गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस जांच में यह एक बड़ा खुलासा भी सामने आया है कि आरोपी राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के थाना भिरानी में दर्ज तीन मामलों में भी वांछित था। इन मामलों में हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं.

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

विभिन्न थानों में दर्ज हैं मामले

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ दर्ज 13 मामलों में से कई मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। कुछ मामलों में उसे पहले ही पीओ घोषित किया जा चुका है। इन मामलों में थाना हिसार सदर, थाना आदमपुर, थाना सिविल लाइन और थाना आजाद नगर में दर्ज मामले मुख्य रूप से शामिल हैं। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2015 में हत्या एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। वर्ष 2019 में उसके खिलाफ मारपीट व आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया गया था। वर्ष 2020 में हत्या, हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हुए थे। वर्ष 2023 में एससी/एसटी एक्ट, हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले दर्ज किए गए थे। इसके अलावा आरोपी के खिलाफ प्रिजन एक्ट और पीपीडी एक्ट के तहत भी विभिन्न मामले दर्ज हैं।

राजस्थान में भी दर्ज हैं मामले

इसी तरह राजस्थान के थाना भिरानी में आरोपी के खिलाफ वर्ष 2026 में तीन मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें दो मामलों में बीएनएस यानी भारतीय न्याय संहिता एवं आर्म्स एक्ट की धाराएं शामिल हैं। इसके अलावा एक अन्य मामले में केवल आर्म्स एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं।

पुलिस कर रही है व्यापक पूछताछ

वर्तमान में पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी कपिल से गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही फरारी के दौरान उसके संपर्कों और अन्य वारदातों में उसकी संभावित संलिप्तता के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल की जा रही हैं।

Share:

Comments

Leave a comment