हिसार के बहुचर्चित जीवन कुंडू हत्याकांड का 50 हजार का इनामी मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार

हरियाणा पुलिस ने हिसार के चर्चित जीवन कुंडू हत्याकांड में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गुजरात के जूनागढ़ से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 50 हजार रुपये का इनामी मुख्य आरोपी रमेश शर्मा भी शामिल है। हरियाणा पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे सभी तीन प्रमुख आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया गया है। आरोपियों में 50,000 रुपये का इनामी मुख्य आरोपी भी शामिल है। यह जानकारी चंडीगढ़ में सोमवार को दी गई।
जीवन कुंडू हत्याकांड का पूरा मामला
बीती चार अगस्त को हिसार के सूर्यनगर निवासी जीवन कुंडू की 10-12 व्यक्तियों द्वारा मारपीट कर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में हिसार में मामला दर्ज किया गया था। वारदात के बाद मुख्य आरोपी रमेश शर्मा जो सूर्यनगर हिसार का निवासी है, विशाल उर्फ बाबा जो भारत नगर हिसार का निवासी है, तथा सौरभ उर्फ मोल्ड जो सूर्यनगर हिसार का निवासी है, फरार चल रहे थे। मुख्य आरोपी रमेश शर्मा की गिरफ्तारी पर हरियाणा पुलिस द्वारा 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस की विशेष कार्रवाई और गिरफ्तारी
घटना के बाद हिसार शहर में लोगों में काफी रोष था। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन एवं धरने भी आयोजित किए गए थे। इससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा पुलिस की अलग अलग टीमों ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया। आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार तकनीकी निगरानी एवं मानव खुफिया तंत्र के माध्यम से इनपुट जुटा रही थी। इसी दौरान प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों फरार आरोपियों को जूनागढ़, गुजरात से गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के दौरान हिसार पुलिस तथा एसटीएफ टीम हिसार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने हिसार पुलिस का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों में संलिप्त अपराधियों और कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनने वाले तत्वों के खिलाफ हरियाणा पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।