हिसार में जीवन हत्याकांड के आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करे सरकार, इनेलो नेता उमेद लोहान ने उठाई मांग

Team Atal Hind11 August 20262 min read15 viewsहिसार
हिसार में जीवन हत्याकांड के आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करे सरकार, इनेलो नेता उमेद लोहान ने उठाई मांग

हिसार के सूर्य नगर निवासी युवक जीवन की हत्या को एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस मामले को लेकर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए हैं। इस मामले में इनेलो खापों व परिजनों के साथ मिलकर धरने पर बैठी है।

उमेद लोहान ने धरने पर पहुंचकर दिया समर्थन

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

इनेलो के राष्ट्रीय संगठन सचिव उमेद लोहान मंगलवार को जीवन के परिजनों, किसान संगठनों और विभिन्न खापों द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी व न्याय की मांग को लेकर दिए जा रहे धरने पर पहुंचे। उन्होंने वहां पहुंचकर अपना समर्थन व्यक्त किया। उमेद लोहान ने कहा कि जीवन हत्याकांड के सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।

पुलिस और कानून व्यवस्था पर खड़े किए सवाल

उमेद लोहान ने कहा कि वारदात को सात दिन बीत चुके हैं, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना पुलिस की कार्यप्रणाली और प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इनेलो इस संघर्ष में पीड़ित परिवार, किसान संगठनों और खापों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

खापों ने दिया है 24 घंटे का अल्टीमेटम

उमेद लोहान ने बताया कि खापों ने सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। सरकार को इस तय समय सीमा के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार करना चाहिए। चूंकि मुख्यमंत्री के पास ही प्रदेश के गृह मंत्रालय का जिम्मा भी है, इसलिए कानून व्यवस्था संभालना उनकी सीधी जिम्मेदारी बनती है। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री को इस मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट गिरफ्तारी के निर्देश देने चाहिए।

अंतिम संस्कार के बिना न्याय का इंतजार कर रहा परिवार

प्रदेश की कानून व्यवस्था पर हमला बोलते हुए लोहान ने कहा कि राज्य में अपराधियों के हौसले पूरी तरह बुलंद हैं और आम आदमी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि पीड़ित परिवार पिछले सात दिनों से अपने बेटे को न्याय मिलने का इंतजार कर रहा है और इसी वजह से अभी तक अंतिम संस्कार भी नहीं किया जा सका है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अगले 24 घंटे के भीतर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, तो इनेलो कुण्डू खाप सहित सभी खापों, किसान संगठनों और पीड़ित परिवार के साथ मिलकर इस संघर्ष को और अधिक तेज कर देगी।

Share:

Comments

Leave a comment