हिसार के खारा बरवाला हत्याकांड में 24 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार

हिसार के खारा बरवाला हत्याकांड में 24 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार

हिसार जिले के आदमपुर पुलिस ने खारा बरवाला गांव में हुई हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मात्र 24 घंटे के अंदर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गांव के ही जयराम व अक्षय जाजूदा के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी अक्षय जाजूदा के खिलाफ पहले से लड़ाई-झगड़े के दो मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मामला और सामने आई रंजिश

आदमपुर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर हरीश कुमार ने मंगलवार को इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खारा बरवाला निवासी गौतम के बयान पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार गौतम के भाई रजनीश व विष्णु की गांव के ही जयराम और अक्षय जाजूदा के साथ काफी समय से रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते रविवार देर रात शिकायतकर्ता और मृतक रजनीश मोटरसाइकिल पर मंडी आदमपुर से दूध लेकर अपने घर खारा बरवाला जा रहे थे।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

पेट्रोल पंप पर घेरकर किया गया जानलेवा हमला

रास्ते में मोटरसाइकिल में हवा कम होने के कारण उन्होंने पंवार फिलिंग स्टेशन, खारा बरवाला पर अपनी मोटरसाइकिल रोक ली थी। इसी दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर तेजधार हथियारों व लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। इस खतरनाक हमले में रजनीश की मौके पर ही मौत हो गई तथा दूसरा व्यक्ति घायल हो गया।

मृतक भी था हिस्ट्रीशीटर और पुलिस कर रही है जांच

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मृतक रजनीश के खिलाफ भी लड़ाई-झगड़े एवं चोरी से संबंधित कुल छह आपराधिक मामले दर्ज थे। मृतक पुलिस रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर था। पुलिस द्वारा मृतक के आपराधिक रिकॉर्ड तथा वारदात के पीछे के संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चार विशेष टीमों का गठन

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार विशेष टीमें गठित की गईं। इन पुलिस टीमों ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तथा अन्य तकनीकी एवं विश्वसनीय स्रोतों की सहायता से आरोपियों की तलाश तेज कर दी। पुलिस की लगातार कार्रवाई के परिणामस्वरूप वारदात के मात्र 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल हुई।

Share:

Comments

Leave a comment