हिसार में रेहड़ी संचालक की हत्या का खुलासा, पत्नी सहित दो गिरफ्तार

हिसार में गोलगप्पे की रेहड़ी लगाने वाले व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। बरवाला पुलिस ने इस हत्याकांड में महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान भूना निवासी दीपक और नियाणा निवासी राधा रानी के रूप में हुई है। खास बात यह है कि राधा रानी मृतक की पत्नी ही है। इस मामले में बरवाला थाना में 11 सितंबर को केस दर्ज किया गया था।
शव मिलने से शुरू हुई थी जांच
पुलिस के अनुसार आठ सितंबर को बरवाला बाईपास पर सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और बाद में मृतक की पहचान नियाणा निवासी कैलाश के रूप में हुई। मृतक के भाई सुनील की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया था और पुलिस ने अपनी जांच आगे बढ़ाई।
मुख्य आरोपी रिमांड पर और पत्नी जेल भेजी गई
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दीपक की निशानदेही पर वारदात से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। जांच आगे बढ़ने पर मृतक की पत्नी राधा रानी की संलिप्तता भी सामने आ गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने दीपक से बातचीत के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले राधा रानी के दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। राधा रानी को अदालत में पेश करने पर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, मुख्य आरोपी दीपक को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।