हिसार में शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा के आधार पर एनसीसी के लिए छात्राओं का चयन पूरा

हिसार में एनसीसी कैडेट्स के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। 12 सितंबर को हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के इंदिरा चक्रवर्ती सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय में तृतीय हरियाणा गर्ल्स बटालियन एनसीसी आर्मी विंग की छात्रा कैडेट्स के नए नामांकन के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। इस चयन प्रक्रिया में महाविद्यालय की छात्राओं ने बहुत उत्साहपूर्वक भाग लिया।
एनसीसी से विद्यार्थियों में विकसित होती है नेतृत्व क्षमता
महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. मोनिका शर्मा ने शनिवार को कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी छात्राओं को मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
भारतीय सेना में करियर अवसरों की दी गई जानकारी
हवलदार संदीप कुमार और हवलदार सुभाष चंद्र ने छात्राओं को भारतीय सेना में उपलब्ध विभिन्न करियर अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने एनसीसी के महत्व और इससे मिलने वाले अवसरों के बारे में भी विस्तार से बताया।
शारीरिक दक्षता जांच, लिखित परीक्षा और चिकित्सकीय परीक्षण हुआ
एनसीसी एएनओ डॉ. उर्वशी नांदल के मार्गदर्शन में यह चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। इस प्रक्रिया के दौरान छात्राओं की शारीरिक दक्षता जांच, लिखित परीक्षा और चिकित्सकीय परीक्षण किया गया।