हिसार में पुरानी रंजिश के चलते पेट्रोल पंप पर युवक की बेरहमी से पिटाई, इलाज के दौरान मौत

हिसार जिले के आदमपुर क्षेत्र के गांव खारा बरवाला में पुरानी रंजिश के चलते हुए झगड़े में 19 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। यह घटना पुरानी रंजिश के कारण हुई है जिसमें 20-30 युवकों पर हमला करने का गंभीर आरोप लगाया गया है। इस मामले में 13 नामजद समेत 15-16 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।
पेट्रोल पंप पर हुआ था विवाद
मृतक के भाई गौतम ने पुलिस को दिए अपने बयान में पूरी घटना की जानकारी दी है। रविवार रात को गौतम अपने भाई रजनीश के साथ बाइक पर आदमपुर से दूध लेकर अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में बाइक की हवा कम हो जाने के कारण दोनों भाई पंवार फिलिंग स्टेशन पर रुक गए थे। वहां पहले से ही कुछ युवक मौजूद थे जिनके साथ उनका किसी बात पर विवाद हो गया था।
कार्यालय में घुसकर की गई मारपीट
विवाद बढ़ने के बाद करीब 20-30 युवक मौके पर पहुंच गए और उन्होंने दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। अपनी जान बचाने के लिए रजनीश दौड़कर पेट्रोल पंप के कार्यालय के अंदर घुस गया था। लेकिन हमलावर उसके पीछे-पीछे कार्यालय तक पहुंच गए और उन्होंने कार्यालय का शीशा तोड़कर उसे बाहर निकाला। इसके बाद हमलावरों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। वहीं गौतम किसी तरह पेट्रोल पंप की दीवार के पीछे छिपकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा।
अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में हुई मौत
हमलावरों के वहां से चले जाने के बाद गौतम ने तुरंत अपने परिवार के लोगों को इस घटना की सूचना दी। परिजनों ने घायल रजनीश को आदमपुर नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव खारा बरवाला निवासी रजनीश के रूप में हुई है।
13 नामजद और 15-16 अन्य पर केस दर्ज
आदमपुर थाना प्रभारी हरीश चंद्र ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। गौतम की शिकायत के आधार पर मंडी आदमपुर निवासी सुमित, खारा बरवाला निवासी अक्षय जाजूदा, रोडू, नैना, सदलपुर निवासी शेखर, जवाहर नगर निवासी बब्बर, रुपेश उर्फ भकलू, धक्का बस्ती निवासी गजराज उर्फ संदीप, खारा बरवाला निवासी जयसुखदेव उर्फ मोनू, सुनील, मंडी आदमपुर निवासी जैलदार उर्फ कुलदीप, खारा बरवाला निवासी अनिल उर्फ कुकिया और अजय समेत कुल 13 लोगों को नामजद किया गया है। इसके अलावा शिकायत में 15-16 अन्य लोगों के भी इस हमले में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद घटनास्थल से सीन ऑफ क्राइम टीम ने सभी आवश्यक साक्ष्य जुटा लिए हैं।