हिसार में अवैध हथियार और नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा शिकंजा, आठ महीनों में 442 आरोपी गिरफ्तार

हिसार जिले में अवैध हथियार, नशा, अवैध शराब और जुआ-सट्टे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इस साल एक जनवरी से 31 अगस्त तक पुलिस ने विभिन्न अधिनियमों के तहत कार्रवाई करते हुए सैकड़ों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आठ माह में आर्म्स एक्ट के 83 और एनडीपीएस एक्ट के 161 मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने इस दौरान भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और नशीले पदार्थ बरामद किए हैं।
आर्म्स एक्ट के तहत बरामद हथियार और गिरफ्तारियां
आर्म्स एक्ट के तहत पुलिस ने 83 मामले दर्ज कर 128 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 26 गन/तमचे, 32 पिस्टल, दो रिवाल्वर, चार चाकू और तीन तलवार/बरछे बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही सात मैगजीन, 124 जिंदा और आठ खाली कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने, खरीदने-बेचने और अपराधों में इनके इस्तेमाल करने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत पकड़े गए नशीले पदार्थ
एनडीपीएस एक्ट के तहत 161 मामले दर्ज कर 314 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें नौ मामले कमर्शियल मात्रा के हैं। आरोपियों से 12 किलो 900 ग्राम अफीम, 664 किलो 500 ग्राम डोडा चूरा पोस्त, 2 किलो 800 ग्राम हेरोइन/चिट्टा, 56 किलो गांजा और 5 किलो 700 ग्राम सुल्फा बरामद हुआ है। इसके अलावा 2552 नशीली गोलियां और 480 नशीले कैप्सूल भी बरामद किए गए हैं।
आबकारी और जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई
आबकारी अधिनियम के तहत 141 मामले दर्ज कर 154 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा जुआ अधिनियम के तहत 14 मामले दर्ज कर 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 8 लाख 22 हजार 665 रुपये की जुआ राशि बरामद हुई है।
पुलिस अधीक्षक का बयान
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि अवैध हथियार अपराधों को अंजाम देने का बड़ा माध्यम हैं। ऐसे तत्वों की पहचान के लिए चेकिंग, नाकाबंदी, गश्त और खुफिया तंत्र को सक्रिय रखा गया है। नशे की सप्लाई चेन तोड़ने के साथ अवैध हथियार, शराब और जुआ-सट्टे में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।