हिसार में पुलिस की वर्दी पहनकर चार लाख रुपये की ठगी, उकलाना पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

हिसार में पुलिस कर्मचारी बनकर चार लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। उकलाना पुलिस ने इस मामले में मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और ठगी की रकम बरामद करने के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई ग्रे रंग की अर्टिगा कार को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। कार से दो अलग-अलग नंबर प्लेट मिलने की बात सामने आई है।
उकलाना थाना प्रभारी ने दी मामले की जानकारी
उकलाना थाना प्रभारी पीएसआई कुलदीप ने शुक्रवार को इस मामले की जानकारी दी। भिवानी के विद्या नगर निवासी साहिल ने पुलिस को इस मामले में अपनी शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार करीब सात-आठ महीने पहले उसकी जान-पहचान हसनगढ़ निवासी आजाद से हुई थी। आद आजाद ने उसे कम रकम के बदले तीन गुना रकम देने का लालच दिया था। आजाद ने पांच लाख रुपये के बदले 15 लाख रुपये देने की बात कही थी।
बरवाला और लितानी मोड़ पर बुलाया गया था
शिकायत के अनुसार, 20 अगस्त को आजाद ने शिकायतकर्ता को पहले बरवाला बुलाया। बाद में उसे लितानी मोड़ तथा प्रभुवाला रोड पर बुलाया गया। शिकायतकर्ता अपने साथियों के साथ उस तय स्थान पर पहुंचा। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर दो युवक वहां आए थे। इनमें से एक ने अपना नाम बोबुआ निवासी सन्नी व दूसरे ने हसनगढ़ निवासी राहुल बताया। शिकायतकर्ता के अनुसार सन्नी ने चार लाख रुपये की रकम चेक करने के बाद उसे राहुल के बैग में रख दिया था।
फर्जी पुलिसकर्मी बनकर आए थे आरोपी
कुछ देर बाद ग्रे रंग की अर्टिगा कार मौके पर पहुंची। कार में चार व्यक्ति सवार थे। शिकायतकर्ता के अनुसार इनमें से दो व्यक्तियों ने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी। एक व्यक्ति ने स्वयं को सीआईए स्टाफ का कर्मचारी बताया। शिकायतकर्ता और उसके साथियों को इन लोगों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। उन्होंने राहुल सहित मौके पर मौजूद लोगों को पकड़ने का प्रयास किया था।
चार लाख रुपये लेकर आरोपी हुए फरार
इसी दौरान शिकायतकर्ता के अनुसार नरवाना के प्रेम नगर निवासी बलजीत सिंह व हसनगढ़ निवासी राहुल चार लाख रुपये की रकम लेकर मौके से फरार हो गए। शिकायतकर्ता और उसके साथियों ने मौके पर मौजूद नरवाना निवासी नरेश कुमार, सिकंदर व हिसार निवासी रोबिन को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद तीनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
उकलाना थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल अर्टिगा कार को कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। कार से दो अलग-अलग नंबर प्लेट मिलने के बाद पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और शिकायतकर्ता से ली गई चार लाख रुपये की रकम की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस वारदात में शामिल सभी आरोपियों की भूमिका और घटना के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।