हिसार में करोड़ों की ठगी: पहले बेचे मकान, फिर सीए को 5.35 करोड़ में दोबारा थमा दिया सौदा

हिसार शहर के सेक्टर-14 में करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी को लेकर कथित धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। इस घटना में आरोप है कि जिन दो मकानों का पहले ही अन्य लोगों से इकरारनामा हो चुका था, उन्हीं मकानों को विवाद रहित बताते हुए आरोपियों ने चार्टर्ड अकाउंटेंट हिमांशु मित्तल से 5 करोड़ 35 लाख रुपये में दोबारा सौदा कर लिया। पीड़ित ने आरोपियों को 5.26 करोड़ रुपये से अधिक की रकम भी दे दी, लेकिन जब रजिस्ट्री की बारी आई तो आरोपी टालमटोल करने लगे। बाद में कोर्ट से मिले नोटिस ने इस कथित फर्जीवाड़े की पूरी परत खोल दी।
ऐसे दिया गया करोड़ों के फर्जीवाड़े को अंजाम
मामले के अनुसार मई 2025 में आजाद सिंह, अजीत सिंह और उसकी पत्नी ज्योति ने हिमांशु मित्तल से संपर्क किया। आरोपियों ने सेक्टर-14 पार्ट-2 स्थित मकान नंबर 3162 और 3163 बेचने की पेशकश की। पीड़ित को बताया गया कि दोनों मकानों पर कोई विवाद या कानूनी अड़चन नहीं है और केवल करीब दो करोड़ रुपये का बैंक लोन बकाया है। इसके बाद 28 मई 2025 को दोनों मकानों का सौदा 5.35 करोड़ रुपये में तय हुआ। जुलाई 2025 तक एडवांस और बैंक लोन चुकाने के नाम पर पीड़ित ने आरोपियों के खातों में 5.26 करोड़ रुपये से अधिक ट्रांसफर कर दिए। मकानों का कब्जा और चाबियां मिलने के बाद जब रजिस्ट्री के लिए दबाव बनाया गया तो आरोपी बहाने बनाने लगे।
कोर्ट के नोटिस से खुला धोखाधड़ी का राज
रजिस्ट्री नहीं होने पर हिमांशु मित्तल ने कोर्ट में मामला दायर किया। इसी दौरान उन्हें मिले कोर्ट नोटिस से पता चला कि दोनों मकानों का 10 सितंबर 2024 को ही अर्बन एस्टेट निवासी सुरेंदर और अनिल कुमार के साथ इकरारनामा किया जा चुका था। इस पुराने सौदे में उनसे 50 लाख रुपये एडवांस भी लिया जा चुका था। इसके बावजूद आरोपियों ने इन तथ्यों को छिपाकर हिमांशु मित्तल के साथ दोबारा इकरारनामा किया और करोड़ों रुपये हासिल कर लिए।
पुलिस जांच और मामला दर्ज
इस पूरे मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा की प्रभारी निरीक्षक निर्मला ने की। जांच में सामने आए आरोपों के आधार पर थाना शहर पुलिस ने आजाद सिंह, अजीत सिंह और ज्योति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब इस मामले में आरोपियों की भूमिका, लेन-देन और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है।