हिसार में रोडवेज चालकों और परिचालकों की समस्याओं के समाधान के लिए कमेटी गठित, पांच दिन में सौंपेगी रिपोर्ट

हिसार डिपो के चालकों और परिचालकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर परिवहन विभाग ने बड़ी पहल शुरू कर दी है। महाप्रबंधक के निर्देश पर समस्याओं के समाधान के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी यूनियन प्रतिनिधियों, चालकों और परिचालकों से संपर्क कर उनकी समस्याएं और सुझाव जुटाएगी तथा इन्हें नियमों के अनुसार कार्रवाई के लिए महाप्रबंधक के समक्ष प्रस्तुत करेगी।
समस्याओं के समाधान के लिए बनाई गई विशेष कमेटी
महाप्रबंधक की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि डिपो के चालकों और परिचालकों की ओर से रखी जाने वाली विभिन्न समस्याओं, ओवरटाइम की अदायगी, मार्ग एवं स्टेशन से संबंधित दिक्कतों सहित अन्य मुद्दों पर उचित सुझाव लिए जाएं। कमेटी को प्राप्त सभी सुझावों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत तैयार कर पांच दिन के भीतर मुख्यालय की हिदायतों के अनुसार महाप्रबंधक के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में शामिल होंगे विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी प्रतिनिधि
इस संबंध में यातायात प्रबंधक हिसार एवं हांसी तथा एसपीओ की एक कमेटी बनाई गई है। इसके साथ ही सीआई, टीआई, इंचार्ज, टीएओटी, कार्य निरीक्षक, हिसार व हांसी के भवन लिपिक, नाजिर और सांझा संघर्ष समिति के पदाधिकारियों को भी बैठक में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश के अनुसार 11 अगस्त को दोपहर 1:30 बजे केंद्रीय कार्यशाला के बैठक हाल में अधिकारियों और कर्मचारी प्रतिनिधियों की बैठक होगी। बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान के लिए सुझाव लिए जाएंगे।
विभाग की ओर से कर्मचारियों से सीधे सुझाव लेने की पहल
रोडवेज कर्मचारियों की विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर समय-समय पर आवाज उठती रही है। ऐसे में विभाग की ओर से कमेटी गठित कर कर्मचारियों से सीधे सुझाव लेने की पहल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब कर्मचारियों की ओर से रखी जाने वाली समस्याओं और सुझावों के आधार पर कमेटी की रिपोर्ट तैयार होगी, जिसके बाद विभाग द्वारा आगामी कार्रवाई की जाएगी।