हिसार में एसपी सिद्धांत जैन की सख्त चेतावनी, लापरवाही और अनावश्यक देरी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं

हिसार में पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने पुलिस कार्यालय की सभी शाखाओं के कामकाज की समीक्षा की है। उन्होंने लंबित फाइलों और शिकायतों का समयबद्ध निपटारा करने के कड़े निर्देश दिए हैं। पुलिस कार्यालय में कामकाज की धीमी रफ्तार और आमजन की शिकायतों के निपटारे में देरी को लेकर पुलिस अधीक्षक ने सख्त रुख अपनाया है।
शाखा प्रभारियों के साथ बैठक और समीक्षा
एसपी सिद्धांत जैन ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की सभी शाखाओं एवं कार्यालयों के प्रभारियों की बैठक ली है। उन्होंने विभागीय कार्यों की समीक्षा की और स्पष्ट किया कि काम में लापरवाही, अनावश्यक देरी अथवा आमजन की शिकायतों के प्रति उदासीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में लंबित कार्यों, आमजन की शिकायतों, रिकॉर्ड के रख-रखाव, विभागीय पत्राचार और विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई।
दोषियों की तय होगी जिम्मेदारी और समय-सीमा
एसपी ने सभी शाखा प्रभारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्व के प्रति जवाबदेह रहे। सभी कर्मचारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के आदेश दिए गए हैं। किसी फाइल, शिकायत या विभागीय कार्य को अनावश्यक रूप से लंबित रखने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
आमजन को राहत और त्वरित कार्रवाई के निर्देश
पुलिस कार्यालय की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए कि आमजन को अपने छोटे-छोटे काम के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। शिकायतों पर त्वरित और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति को समय पर राहत दिलाना सुनिश्चित किया जाए। सभी शाखा प्रभारी अपने कार्यालय की नियमित निगरानी करें और लंबित मामलों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर उनका निपटारा करें।
अनुशासन और जवाबदेही है कार्यप्रणाली का हिस्सा
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना, कार्य में लापरवाही या आमजन की शिकायतों के प्रति उदासीन रवैया सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अनुशासन, पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही को कार्यप्रणाली का अनिवार्य हिस्सा बनाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस की छवि केवल अपराधियों के खिलाफ की जाने वाली कार्रवाई से नहीं, बल्कि कार्यालय में आमजन के साथ व्यवहार और उनकी समस्याओं के समयबद्ध समाधान से भी बनती है। हिसार पुलिस आमजन की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति प्रतिबद्ध है और प्रत्येक नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुनकर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।