हिसार में चार महीने बाद गिरफ्तार हुआ अध्यापिका का हत्यारोपी पति सौरभ आनंद

हिसार में बहुचर्चित शिक्षिका सोनिया हत्याकांड के मुख्य आरोपी पति सौरभ आनंद को आखिरकार पुलिस ने चार महीने की कड़ी मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया है। शहर के इस मामले में पुलिस ने आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तारी के बाद बुधवार काे जैसे ही पुलिस आरोपी को कस्टडी में लेकर पहुंची, वहां मौजूद मृतका सोनिया का भाई अपने गुस्से पर काबू नहीं रख सका। पुलिस की मौजूदगी में ही आरोपी जीजा पर भाई टूट पड़ा। भाई ने आरोपी के चेहरे पर ताबड़तोड़ थप्पड़ जड़ दिए। मौके पर मौजूद महिलाएं उसे ओ भाई डटजा, डटजा कहकर खींचती रहीं।
पुलिस कस्टडी में आरोपी का बेखौफ अंदाज
पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आरोपी सौरभ आनंद के चेहरे पर शिकन तक नजर नहीं आई। यह बात पुलिस द्वारा जारी किए गए उसके फोटो से ही साफ है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कस्टडी के दौरान उसने बेखौफ अंदाज में बयान दिया। आरोपी ने कहा कि उसने इस वारदात को अंजाम सिर्फ प्रॉपर्टी के विवाद और अपने हिस्से के लिए दिया था। आरोपी ने खुलासा किया कि उनके बीच पिछले 6-7 सालों से लगातार संपत्ति को लेकर खींचतान चल रही थी।
हत्या की खौफनाक वारदात का खुलासा
लगभग चार माह पहले एक मई को सेक्टर 13 निवासी सौरभ आनंद ने अपनी पत्नी सोनिया की नृशंस हत्या कर दी थी। पोस्टमॉर्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट में इस खौफनाक वारदात का सच सामने आया था। रिपोर्ट से पता चला कि आरोपी ने सोनिया की छाती में गर्म प्रेस घोंप दी थी। इसके बाद प्रेस की तार और हाथों से उसका गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतका के सिर, हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी दरिंदगी और चोट के गहरे निशान मिले थे।
मामला दर्ज और शहर में रोष
हत्या के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर आरोपी पति सौरभ, जेठ और जेठानी के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। वारदात के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी न होने से शहरवासियों और सामाजिक संगठनों में भारी रोष था। इसी के चलते कई धरने, प्रदर्शन और रोष मार्च निकाले गए थे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है, वहीं आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है।