कैथल में स्वास्थ्य विभाग का अभियान: एचपीवी वैक्सीन सुरक्षित और प्रभावी, सर्वाइकल कैंसर से बचाती है बेटियों को - सिविल सर्जन

Team Atal Hind11 August 20262 min read12 viewsकैथल
कैथल में स्वास्थ्य विभाग का अभियान: एचपीवी वैक्सीन सुरक्षित और प्रभावी, सर्वाइकल कैंसर से बचाती है बेटियों को - सिविल सर्जन

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला कैथल में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस से बचाव के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के तहत मंगलवार को आरकेएसडी पब्लिक स्कूल में आयोजित पेरेंट्स-टीचर मीट में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान सिविल सर्जन डा. रेनू चावला, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नवराज सिंह तथा अर्बन नोडल अधिकारी डा. अजय कुमार ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अध्यापकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया तथा एचपीवी वैक्सीनेशन के महत्व की जानकारी दी।

सर्वाइकल कैंसर से बचाव करती है एचपीवी वैक्सीन

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

सिविल सर्जन डा. रेनू चावला ने बताया कि महिलाओं में होने वाले विभिन्न प्रकार के कैंसर में सर्वाइकल कैंसर एक प्रमुख बीमारी है। इसका प्रमुख कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस संक्रमण है और एचपीवी वैक्सीनेशन इस संक्रमण से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन कोई नई वैक्सीन नहीं है, बल्कि निजी अस्पतालों और विभिन्न संस्थाओं द्वारा पहले से ही इसका टीकाकरण किया जाता रहा है। भारत सरकार द्वारा पर्याप्त शोध एवं वैज्ञानिक प्रक्रियाओं के बाद इसे टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल किया गया है।

कैथल में अब तक 4970 लाभार्थियों का हुआ टीकाकरण

सिविल सर्जन ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन सुरक्षित एवं प्रभावी वैक्सीन है और स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं को इसका लाभ पहुंचाकर भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से बचाव सुनिश्चित करना है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों के स्वास्थ्य को लेकर जागरूक रहें और निर्धारित आयु वर्ग में उनका एचपीवी टीकाकरण अवश्य करवाएं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला कैथल में 28 फरवरी से एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष की आयु वाली सभी पात्र लड़कियों का एचपीवी टीकाकरण निःशुल्क किया जा रहा है और अब तक जिला कैथल में 4970 लाभार्थियों का टीकाकरण किया जा चुका है।

सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मेगा टीकाकरण दिवस का आयोजन

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. नवराज सिंह ने बताया कि जिला कैथल में प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को मेगा टीकाकरण दिवस मनाया जाता है। इन दिनों सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों, जिनमें जिला नागरिक अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं, पर एचपीवी वैक्सीनेशन सत्र आयोजित किए जाते हैं। इस अवसर पर स्वास्थ्य अधिकारियों ने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अभिभावकों एवं अध्यापकों को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत शपथ भी दिलाई गई। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष की आयु वाली बेटियों का एचपीवी टीकाकरण अवश्य करवाएं और इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें।

Share:

Comments

Leave a comment