HSSB: मॉडल संस्कृति, पीएम श्री और मुख्यमंत्री उत्कृष्टता स्कूलों की लिखित परीक्षा 2026 के एडमिट कार्ड हुए लाइव

मॉडल संस्कृति, पीएम श्री और मुख्यमंत्री उत्कृष्टता एवं प्रारंभिक अंग्रेजी स्कूलों में चयन हेतु लिखित परीक्षा-2026 के प्रवेश-पत्र बोर्ड वेबसाइट पर हुए आज से लाइव
- 22 अगस्त को संचालित होगी यह परीक्षा
- कमीश्ररी स्तर पर 69 परीक्षा केन्द्रों पर 21096 अभ्यर्थी होंगे प्रविष्ट
भिवानी / 18 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
मॉडल संस्कृति, पीएम श्री और मुख्यमंत्री उत्कृष्टता एवं प्रारंभिक अंग्रेजी स्कूलों में चयन हेतु लिखित परीक्षा-2026 के प्रवेश-पत्र बोर्ड वेबसाइट पर आज से लाइव कर दिए गए हैं। यह परीक्षा 22 अगस्त 2026 को आयोजित की जाएगी। कमीश्ररी स्तर पर 69 परीक्षा केन्द्रों पर कुल 21096 अभ्यर्थी इस परीक्षा में प्रविष्ट होंगे।
भिवानी, 18 अगस्त 2026: राजकीय मॉडल संस्कृति, पीएम श्री और मुख्यमंत्री उत्कृष्टता एवं प्रारंभिक अंग्रेजी स्कूलों में नियुक्ति के लिए शिक्षकों व स्कूल प्रमुखों के चयन हेतु लिखित परीक्षा-2026 के प्रवेश-पत्र यानी एडमिट कार्ड हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर आज से लाईव कर दिए गए हैं। यह परीक्षा 22 अगस्त 2026, शनिवार को संचालित की जाएगी। परीक्षा का समय दोपहर 2:00 बजे से सायं 03:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस परीक्षा में लगभग 21096 अभ्यर्थी प्रविष्ट होने जा रहे हैं। यह परीक्षा कमीश्ररी स्तर पर स्थापित 69 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित करवाई जाएगी।
प्रवेश-पत्र डाउनलोड करने की प्रक्रिया और निर्देश
इस आशय की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बोर्ड अध्यक्ष श्री शंकर लाल धूपड़ एवं सचिव श्री मुनीश शर्मा, भा.प्र.से. ने आज यहां एक प्रेस वक्तव्य में संयुक्त रूप से बताया कि राजकीय मॉडल संस्कृति, पीएम श्री और मुख्यमंत्री उत्कृष्टता एवं प्रारंभिक अंग्रेजी स्कूलों में नियुक्ति के लिए शिक्षकों व स्कूल प्रमुखों के चयन हेतु लिखित परीक्षा के प्रवेश-पत्र 18 अगस्त 2026 से हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर लाईव कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी अपने Employee ID और Mobile Number भरकर अपना प्रवेश-पत्र आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं। सभी अभ्यर्थी प्रवेश पत्र पर दिए गए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढक़र व समझकर उनकी अनुपालना करना सुनिश्चित करें।
परीक्षा का पैटर्न और श्रेणीवार जानकारी
उन्होंने बताया कि इस परीक्षा से संबंधित श्रेणीवार परीक्षा Content Area/Design की जानकारी शिक्षा निदेशालय पंचकूला की वेबसाइट https://schooleducationharyana.gov.in पर उपलब्ध करा दी गई है। यह परीक्षा ओएमआर आधारित पेन पेपर मोड में आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में पूछे जाने वाले सभी प्रश्न बहुविकल्पीय होंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा और परीक्षा में किसी भी प्रकार की कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं रखी गई है।
दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए लेखक और अतिरिक्त समय के नियम
उन्होंने आगे बताया कि नेत्रहीन, दृष्टिबाधित या अशक्त अभ्यर्थी जो अपने हाथ से लिखने में पूरी तरह असमर्थ हैं और लेखक की सुविधा लेना चाहते हैं, ऐसे प्रत्येक अभ्यर्थी को मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी चिकित्सा प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा। इस प्रमाण-पत्र में उनकी अशक्तता 40 प्रतिशत या इससे अधिक प्रमाणित की गई होनी चाहिए। अभ्यर्थी को इस प्रमाण-पत्र की प्रति व लेखक के मूल एवं सत्यापित दस्तावेज जैसे शैक्षणिक योग्यता, जन्म-तिथि, दो नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो जिनमें से एक सत्यापित हो, और फोटो युक्त पहचान पत्र या आधार कार्ड तथा स्थाई एवं अस्थायी पते के साथ स्कूल के प्राचार्य या प्रतिनिधि से सत्यापित करवाने के उपरांत परीक्षा केंद्र पर परीक्षा से एक दिन पूर्व पहुंचना होगा। इसके बाद केंद्र अधीक्षक से लेखक की स्वीकृति लेना सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नेत्रहीन, दृष्टिबाधित या अशक्त अभ्यर्थी चाहे वह लेखक की सुविधा ले रहा है अथवा नहीं, ऐसे सभी अभ्यर्थियों को 20 मिनट प्रति घंटा के हिसाब से कुल 30 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
हेल्पलाइन और प्रोफॉर्मा की जानकारी
इस संबंध में सभी पात्र अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in से उपलब्ध SPL-1 प्रोफॉर्मा को आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं। लेखक के लिए शैक्षणिक योग्यता सीनियर सेकेंडरी से अधिक बिल्कुल नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अंत में यह भी बताया कि किसी भी प्रकार की कठिनाई या समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 01664-254305 और ईमेल आईडी [email protected] पर संपर्क किया जा सकता है।