HTET Result 2025: हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा का परिणाम घोषित, कुल पास प्रतिशत 16.57 रहा

एचटेट परीक्षा-2025 का परिणाम हुआ घोषित, परिणाम रहा 16.57 प्रतिशत
- लेवल-1 (पीआरटी) का 3.53, लेवल-2(टीजीटी) का 20.71 तथा लेवल-3 (पीजीटी) का 16.50 प्रतिशत रहा परीक्षा परिणाम
भिवानी/22 अगस्त, 2026/अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा आयोजित करवाई गई हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2025 लेवल-1, 2 व 3 का परीक्षा परिणाम आज घोषित कर दिया गया है। यह परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध है। इस परीक्षा का कुल परिणाम 16.57 प्रतिशत रहा है। सभी अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए लिंक के माध्यम से अपने रजिस्ट्रेशन नंबर व जन्मतिथि विवरणों का उपयोग करके अपना परीक्षा परिणाम आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं।
लेवल-1, लेवल-2 और लेवल-3 का अलग-अलग परीक्षा परिणाम
इस परीक्षा में लेवल-1 (पीआरटी) के कुल 3.53 प्रतिशत, लेवल-2 (टीजीटी) के कुल 20.71 प्रतिशत तथा लेवल-3 (पीजीटी) के कुल 16.50 प्रतिशत अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इस आशय की विस्तृत जानकारी हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष श्री शंकर लाल धूपड़ ने आज यहाँ जारी एक प्रेस वक्तव्य में दी है। उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में कुल 192220 अभ्यर्थी प्रविष्ट हुए थे। लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा में कुल 31402 अभ्यर्थी प्रविष्ट हुए, जिनका पास प्रतिशत 3.53 रहा। लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा में कुल 99896 अभ्यर्थी प्रविष्ट हुए, जिनका पास प्रतिशत 20.71 रहा। इसी प्रकार लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा में कुल 60922 अभ्यर्थी प्रविष्ट हुए, जिनका पास प्रतिशत 16.50 रहा।
ओ.एम.आर. शीट डाउनलोड करने की प्रक्रिया और अन्य जरूरी निर्देश
उन्होंने यह भी बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपनी ओ.एम.आर. शीट निर्धारित शुल्क 100/- रुपये के साथ 24 अगस्त से 23 अक्तूबर, 2026 तक बोर्ड की वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक से डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने आगे यह भी स्पष्ट किया कि परिणाम को अपलोड करने या किसी अन्य प्रकार की तकनीकी त्रुटि होने की अवस्था में बोर्ड को यह परिणाम वापिस लेने का पूर्ण अधिकार होगा।