आईएएस राहुल कनवारिया ने संभाला एसडीएम पिहोवा का कार्यभार, निजी स्कूलों में टीकाकरण अभियान शुरू

आईएएस राहुल कनवारिया ने संभाला एसडीएम पिहोवा का कार्यभार, निजी स्कूलों में टीकाकरण अभियान शुरू

आईएएस राहुल कनवारिया ने सोमवार को पिहोवा के उपमंडल अधिकारी नागरिक के पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। हरियाणा सरकार द्वारा जारी स्थानांतरण एवं नियुक्ति आदेशों के तहत 2024 बैच के आईएएस अधिकारी राहुल कनवारिया ने आज पूर्व दोपहर कार्यालय में पहुंचकर अपना कार्यभार संभाला। राहुल कनवारिया इससे पहले सहायक आयुक्त (अंडर ट्रेनिंग), अंबाला के पद पर कार्यरत थे। सरकार के आदेशानुसार उन्हें गुरविंदर सिंह, एचसीएस (2023) के स्थान पर एसडीएम पिहोवा नियुक्त किया गया है। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत एसडीएम राहुल कनवारिया ने कहा कि उपमंडल पिहोवा में प्रशासनिक कार्यों को प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी तरीके से आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के साथ-साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे जनता की शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें तथा अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं तत्परता से निर्वहन करें।

निजी स्कूलों में सार्वभौमिक टीकाकरण अभियान का संचालन

प्रवर चिकित्सा अधिकारी डॉ संजीव गोयल ने कहा कि उपमंडल अस्पताल पिहोवा के अंतर्गत आने वाले निजी विद्यालयों में सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम के तहत बच्चों के टीकाकरण का अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को अक्षरा इंटरनेशनल स्कूल पिहोवा तथा बाबा श्रवण नाथ स्कूल में 5 वर्ष, 10 वर्ष एवं 16 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को निर्धारित टीके लगाए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा बच्चों को डीपीटी-5, टीडी-10 एवं टीडी-16 का टीकाकरण किया गया। यह अभियान भारत सरकार के निर्देशानुसार एवं सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम के अनुरूप संचालित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, निर्धारित आयु पर बच्चों का टीकाकरण उन्हें डिप्थीरिया, काली खांसी एवं टेटनस जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव प्रदान करता है। अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों का टीकाकरण निर्धारित समय पर अवश्य करवाएं तथा टीकाकरण संबंधी रिकॉर्ड को सुरक्षित रखें। स्वास्थ्य विभाग ने निजी विद्यालयों के प्रबंधन एवं अभिभावकों से अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि समय पर टीकाकरण बच्चों के स्वस्थ भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। दोनों स्कूलों में कुल 78 विद्यार्थी टीकाकरण कार्यक्रम से लाभान्वित हुए। इस बारे में प्रवर चिकित्सा अधिकारी डॉ संजीव गोयल ने बताया कि ब्लॉक पिहोवा के सभी सरकारी स्कूलों के साथ साथ प्राइवेट स्कूलों में भी हर टीकाकरण अभियान जारी है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment