कैथल के आई.जी. महाविद्यालय में चार प्रतिष्ठित कंपनियों ने आयोजित किया प्लेसमेंट ड्राइव, छात्राओं को मिले रोजगार के नए अवसर

Team Atal Hind8 August 20263 min read133 viewsकैथल
कैथल के आई.जी. महाविद्यालय में चार प्रतिष्ठित कंपनियों ने आयोजित किया प्लेसमेंट ड्राइव, छात्राओं को मिले रोजगार के नए अवसर

इंदिरा गांधी (पी.जी.) महिला महाविद्यालय, कैथल के बीसीए विभाग एवं कैरियर मार्गदर्शन एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में छात्राओं को शिक्षा के साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से विशेष प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस प्लेसमेंट ड्राइव में आई.जी. महाविद्यालय के विभिन्न विभागों से पास आउट लगभग 50 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन आई.जी. महाविद्यालय एवं व्हाइट बैंगर टेक प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त प्रयास से किया गया था।

चार प्रतिष्ठित कंपनियों ने लिया भाग

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

प्लेसमेंट ड्राइव में व्हाइट बैंगर टेक प्राइवेट लिमिटेड, एडूऑज इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड, पुष्कल मेडिसिटी, कैथल तथा एसपीओपी (शीटल पुरी ऑफसेट प्रेस), कैथल की टीमों ने हिस्सा लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने छात्राओं के साक्षात्कार लिए तथा उनकी शैक्षणिक योग्यता, कंप्यूटर ज्ञान, संचार कौशल, व्यावहारिक समझ, समस्या समाधान क्षमता एवं संबंधित क्षेत्र में कार्य करने की क्षमता का आकलन किया।

कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा साक्षात्कार

व्हाइट बैंगर टेक प्राइवेट लिमिटेड की ओर से सुश्री प्रेक्षित ने छात्राओं का साक्षात्कार लिया और आईटी, आईटीईएस, सॉफ्टवेयर विकास तथा अन्य तकनीकी क्षेत्रों में रोजगार के लिए छात्राओं का चयन किया। एडूऑज इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड की ओर से श्री ऋषभ राणा ने साक्षात्कार लिया जो अंतरराष्ट्रीय गतिशीलता एवं प्लेसमेंट के क्षेत्र में कार्य करती है और उन्होंने छात्राओं की संचार क्षमता, करियर लक्ष्य, परिस्थितियों के अनुरूप ढलने की क्षमता एवं व्यावसायिक व्यवहार का आकलन किया। पुष्कल मेडिसिटी, कैथल की ओर से सुश्री वीभा बेदी ने साक्षात्कार लिया तथा अस्पताल की ओर से मुख्य रूप से प्रशासन, प्रबंधन एवं अन्य गैर-चिकित्सकीय पदों के लिए छात्राओं की तलाश की गई। वहीं एसपीओपी, कैथल की ओर से श्री अतुल ने साक्षात्कार लिया और छात्राओं से कंप्यूटर ज्ञान, कार्यालय कार्य, संचार कौशल, मुद्रण उद्योग की मूलभूत समझ तथा सीखने की क्षमता से संबंधित प्रश्न पूछे गए।

विभिन्न क्षेत्रों में मिले कैरियर के अवसर

इस प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से छात्राओं को आईटी, आईटीईएस, सॉफ्टवेयर विकास, स्वास्थ्य सेवा प्रशासन, प्रिंटिंग एवं मीडिया तथा अंतरराष्ट्रीय शिक्षा एवं रोजगार जैसे विभिन्न क्षेत्रों में कैरियर के अवसरों को समझने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। कार्यक्रम का संचालन बीसीए विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. रितिका द्वारा किया गया जिन्होंने छात्राओं को प्लेसमेंट प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए उन्हें रोजगार के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय के अधिकारियों के विचार

महाविद्यालय प्रबंधक समिति के प्रधान श्री राम बहादुर खुरानिया ने कहा कि इस प्रकार के प्लेसमेंट ड्राइव छात्राओं को शिक्षा के साथ रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग ने कहा कि महाविद्यालय छात्राओं के कौशल विकास और उज्ज्वल करियर के लिए निरंतर प्रयासरत है। सायंकालीन सत्र की प्राचार्या प्रभारी सुश्री श्वेता तंवर ने भी छात्राओं को प्लेसमेंट ड्राइव में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर बताया गया कि आज के प्रतिस्पर्धी रोजगार बाजार में केवल शैक्षणिक डिग्री ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि कंप्यूटर ज्ञान, संचार कौशल, व्यावहारिक ज्ञान, व्यावसायिक व्यवहार एवं उद्योग-विशिष्ट कौशल भी करियर विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बीसीए विभाग एवं कैरियर मार्गदर्शन एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ की इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को सीधे उद्योग जगत से जोड़ना, उन्हें वास्तविक रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना तथा उनकी दक्षताओं को रोजगार की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करना रहा। महाविद्यालय द्वारा भविष्य में भी छात्राओं के कौशल विकास, करियर मार्गदर्शन एवं प्लेसमेंट के लिए इस प्रकार की गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा दिया जाएगा। इस अवसर पर प्राध्यापक वर्ग से प्रो. मोनिका भारद्वाज, प्रो. खुशबू, प्रो. गीतांजलि, प्रो. सीमा महला उपस्थित रही।

Share:

Comments

Leave a comment