आईआईआईडीईएम ने मनाया 15Aवां स्थापना दिवस, चुनाव प्रबंधन के क्षमता निर्माण पर मंथन

Team Atal Hind18 June 20263 min read4 viewsसोनीपत
आईआईआईडीईएम ने मनाया 15Aवां स्थापना दिवस, चुनाव प्रबंधन के क्षमता निर्माण पर मंथन

आईआईआईडीईएम के 15वें स्थापना दिवस पर आयोजित किया गया दो दिवसीय सम्मेलन

चुनावी क्षमता निर्माण और रणनीतिक रोडमैप पर हुआ मंथन, 450 से अधिक विशेषज्ञों ने किया विचार-विमर्श

भारत सहित 142 देशों तक पहुंचा इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट का प्रशिक्षण नेटवर्क

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत।

 भारत निर्वाचन आयोग के अधीन कार्यरत इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (आईआईआईडीईएम) ने अपना 15वां स्थापना दिवस मनाते हुए 16 एवं 17 जून, 2026 को नई दिल्ली में क्षमता निर्माण एवं रणनीतिक रोडमैप विषय पर दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन किया।

सम्मेलन का उद्देश्य निर्वाचन प्रबंधन से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रमों की उपलब्धियों की समीक्षा करना, उभरती चुनौतियों पर चर्चा करना तथा भविष्य की कार्ययोजना तैयार करना था।

सम्मेलन में 450 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 250 राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर, शैक्षणिक साझेदार, निर्वाचन आयोग के अधिकारी, आईआईआईडीईएम के प्रतिनिधि तथा दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से जुड़े बीएलओ पर्यवेक्षक शामिल रहे।

सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने आईआईआईडीईएम की 15 वर्षों की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थान ने निर्वाचन प्रबंधन एवं प्रशिक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

लोकसभा चुनावों के दौरान लगभग 1.8 करोड़ चुनाव कर्मियों के प्रशिक्षण की जिम्मेदारी निभाते हुए संस्थान ने यह सुनिश्चित किया कि चुनावी प्रक्रिया संविधान, कानूनों और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित हो।

इस दौरान निर्वाचन आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने कहा कि भारत की इंटरनेशनल आईडिया की अध्यक्षता के बाद भी आईआईआईडीईएम  वैश्विक स्तर पर चुनाव प्रबंधन के प्रशिक्षण केंद्र के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।

आईआईआईडीईएम के महानिदेशक राकेश वर्मा ने कहा कि यह संस्थान चुनाव प्रबंधन के क्षेत्र में कार्यरत अनुभवी अधिकारियों, शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं के बीच ज्ञान साझा करने का एक अनूठा मंच है।

उन्होंने कहा कि आईआईआईडीईएम ने वर्ष 2011 से अब तक 1,885 प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन करते हुए 1 लाख 20 हजार 883 से अधिक प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया है। संस्थान का प्रशिक्षण नेटवर्क वर्तमान में 142 देशों तक पहुंच चुका है।

राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय साझेदार संस्थाओं के सहयोग से आईआईआईडीईएम लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था को मजबूत करने, चुनाव प्रबंधन में क्षमता निर्माण, अनुसंधान और ज्ञान विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान चार प्रमुख रणनीतिक स्तंभों पर विचार-विमर्श किया गया, जिनमें राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सुदृढ़ बनाना, वैश्विक कार्यक्रमों का विस्तार, अनुसंधान एवं ज्ञान विकास को प्रोत्साहित करना तथा सतत लोकतंत्र एवं निर्वाचन प्रबंधन को बढ़ावा देना शामिल रहा।

 

सम्मेलन के पहले दिन राष्ट्रीय प्रशिक्षण नीति के प्रारूप, राज्य, जिला एवं विधानसभा स्तर पर प्रशिक्षण मानकों तथा चुनाव प्रबंधन निकायों के लिए नए कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही जमीनी स्तर के चुनाव अधिकारियों और मतदाता जागरूकता अभियानों के लिए तैयार वीडियो एवं नुक्कड़ नाटक की स्क्रिप्ट का भी अवलोकन किया गया। दूसरे दिन प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम विषयगत समूहों की प्रगति समीक्षा तथा निर्वाचन आयोग द्वारा आयोजित स्थापना दिवस समारोह प्रमुख आकर्षण रहे।

Share:

Comments

Leave a comment