नरवाना के आर्य समाज में स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज की भव्य धूम, देशभक्ति से गूंजा परिसर

आर्य समाज नरवाना के तत्वावधान में आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस एवं हरियाली तीज समारोह बड़े उत्साह, राष्ट्रभक्ति और वैदिक परंपराओं के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम आर्य समाज नरवाना के प्रधान चंद्रकांत आर्य के सानिध्य में आयोजित हुआ। समारोह में प्रसिद्ध नेत्र विशेषज्ञ डॉ. दीपक मित्तल मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के बैंड की मधुर धुनों के बीच आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एवं आर्य कन्या महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने जेयूओ बलकार आर्य के नेतृत्व में अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। कैडेट्स ने मुख्य अतिथि डॉ. दीपक मित्तल, उनकी धर्मपत्नी मीनाक्षी मित्तल एवं प्रधान चंद्रकांत आर्य का सम्मान पूर्वक स्वागत किया। मुख्य अतिथि डॉ. दीपक मित्तल का पार्षद नवीन शर्मा, विद्यालय प्राचार्य मनोज आर्य एवं समाजसेवी भारत ने पुष्प मालाओं से स्वागत किया। मीनाक्षी मित्तल का आर्य कन्या महाविद्यालय की प्राचार्या मीना आर्य एवं महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल की प्राचार्या सीमा आर्य ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। वहीं प्रसिद्ध शिक्षाविद एवं वरिष्ठ आर्य समाजी प्रो. जयपाल आर्य का सम्मान प्रधान चंद्रकांत आर्य ने स्वयं उनका आशीर्वाद लेकर किया।
वैदिक यज्ञ से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक यज्ञ-हवन एवं ईश्वर स्तुति-प्रार्थना से हुआ। पंडित मिथिलेश शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मंच संचालन वीरेंद्र शास्त्री ने प्रभावशाली एवं मधुर अंदाज में किया। मुख्य अतिथि डॉ. दीपक मित्तल ने कहा कि स्वतंत्रता हमें सहज रूप से नहीं मिली, बल्कि असंख्य क्रांतिकारियों और शहीदों के सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है। उन्होंने देशवासियों से राष्ट्र की एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को सदैव मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने आर्य समाज के प्रधान चंद्रकांत आर्य द्वारा किए गए सम्मान के लिए आभार भी व्यक्त किया। प्रसिद्ध शिक्षाविद एवं वरिष्ठ आर्य समाजी प्रो. जयपाल आर्य ने कहा कि भारतीय संस्कृति और संस्कारों को जीवित रखने में आर्य समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने प्रधान चंद्रकांत आर्य के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आर्य समाज नरवाना राष्ट्रभक्ति से जुड़े प्रत्येक कार्यक्रम में अग्रणी भूमिका निभाता है। उन्होंने 12 अगस्त को आयोजित ‘हर घर तिरंगा-घर-घर तिरंगा’ यात्रा का भी उल्लेख किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां देकर दर्शकों में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाई। आर्य कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत, हरियाणवी एवं राजस्थानी लोकनृत्य तथा कोरियोग्राफी प्रस्तुत की। आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, शहीद चंद्रशेखर आजाद पर आधारित नाट्य प्रस्तुति, रागनी एवं समूह नृत्य से खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की नर्सरी कक्षा की नन्हीं बच्चियों की मनमोहक नृत्य प्रस्तुति रही। उनकी प्रस्तुति ने मुख्य अतिथि, अभिभावकों और उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा देखकर प्रधान चंद्रकांत आर्य भावुक और गौरवान्वित नजर आए।
प्राकृतिक खेती को लेकर जताया समर्थन
आर्य समाज नरवाना के प्रधान चंद्रकांत आर्य ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 15 अगस्त उन करोड़ों ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों को सच्ची श्रद्धांजलि देने का अवसर है, जिनके बलिदान के कारण आज देशवासी स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में आर्य समाज का ऐतिहासिक योगदान रहा है और नरवाना आर्य समाज आज भी राष्ट्रहित के प्रत्येक कार्य में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल, आर्य कन्या महाविद्यालय और आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था एवं उपलब्धियों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें गर्व है कि वे आर्य समाज के ‘एक छोटे से सच्चे सिपाही’ हैं। प्राकृतिक खेती के विषय पर उन्होंने गुजरात के राज्यपाल एवं महाराष्ट्र के अतिरिक्त प्रभार वाले महामहिम आचार्य डॉ. देवव्रत के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आर्य समाज नरवाना तथा इसके अंतर्गत संचालित सभी शिक्षण संस्थान प्राकृतिक खेती के अभियान में पूर्ण सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प में युवा शक्ति की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के समापन पर बच्चों को लड्डू का प्रसाद एवं पुरस्कार वितरित किए गए। इस अवसर पर महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल के मैनेजर तेजपाल शर्मा, आर्य समाज के वरिष्ठ सदस्य धर्मपाल, रामफल मोर, सतीश मित्तल, संजय सिंगला, ललित बत्रा, यश कथूरिया, सतीश धतरवाल, मास्टर बलबीर सहित तीनों शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।