तरावड़ी के गीता मॉडर्न सीनियर सैकेण्डरी स्कूल में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज पर्व

तरावड़ी में गीता मॉडर्न सीनियर सैकेण्डरी स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं हरियाली तीज का पर्व धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण और राष्ट्रीय गान के साथ किया गया। स्वतंत्रता दिवस और तीज के उपलक्ष्य में विद्यालय में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, कविताएं, हरियाणवी लोकगीत, नृत्य एवं देशभक्ति नाटक प्रस्तुत करके सभी का मन मोह लिया।
प्राइमरी कक्षाओं के बच्चों ने लिया फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में हिस्सा
विद्यालय की प्राइमरी कक्षाओं में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का विशेष आयोजन किया गया। विद्यालय की छात्राओं ने रंग-बिरंगी लड़ियों से सुसज्जित झूला झूलकर सावन के तीज पर्व का पूर्ण आनंद उठाया। इस संयुक्त पावन पर्व के उपलक्ष्य में बच्चे अपने घर से स्वादिष्ट फीर्निया और घेवर लेकर आए थे। बच्चों ने ये पकवान आपस में प्रेम सहित मिल बांटकर खाए।
प्रधानाचार्या और प्रबंधक ने दी बच्चों को प्रेरणा
विद्यालय की प्रधानाचार्या रागिनी राय ने कहा कि तिरंगा हमें एकता का पाठ पढ़ाता है और तीज का पर्व हमें संस्कृति से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए आजादी और संस्कृति दोनों का सम्मान करना बेहद जरूरी है। बच्चे ही देश का भविष्य हैं और इसे ध्यान में रखकर ही हमें देशभक्ति और संस्कृति को साथ-साथ लेकर चलना चाहिए। हमें अपने पारंपरिक त्योहारों और संस्कृति का सम्मान करते हुए ऐसे पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाने चाहिए। इसका उद्देश्य यह है कि हम अपनी आने वाली पीढ़ियों में संस्कार पैदा कर सकें और उनको पारंपरिक संस्कृति से अवगत करा सकें। तीज का त्योहार भारत में महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखता है क्योंकि तीज का संबंध भगवान शिव व पार्वती के विवाहित जीवन से जुड़ा है। हरियाली तीज सावन में मनाया जाने वाला पहला पर्व है जिससे अन्य पर्वों की शुरुआत होती है।
बच्चों को दिए गए मेडल और बांटे गए लड्डू
विद्यालय के प्रबंधक बालकृष्ण त्रिपाठी ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों की जमकर प्रशंसा की और उन्हें मेडल देकर पुरस्कृत किया। उन्होंने सभी को हरियाली तीज और स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमें उन शहीदों को बिल्कुल नहीं भूलना चाहिए जिनके बलिदान और त्याग के कारण हमारे देश को आजादी मिली है। संस्कारों से ही राष्ट्र बनता है और हम सभी को मिलकर शहीदों के सपनों का स्वच्छ और संस्कारी भारत बनाना है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपलक्ष्य में विद्यालय में बच्चों के बीच लड्डू बांटे गए। इस अवसर पर डिंपल त्रिपाठी, प्राध्यापिका कर्मजीत कौर, गीता, गरिमा, साक्षी, निशा एवं विद्यालय का संपूर्ण स्टाफ वहां मौजूद रहा।