स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने की जिम्मेदारी आज की पीढ़ी की: बागपत में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस

बागपत में आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को पूरा बागपत देश भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कलेक्ट्रेट में आयोजित मुख्य समारोह में राज्य मंत्री केपी मलिक और जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने तिरंगे को सलामी दी। राज्य मंत्री केपी मलिक ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने की जिम्मेदारी आज की पीढ़ी की है। राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के बीच स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों तथा शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान
राज्य मंत्री और जिलाधिकारी ने अमर शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने स्वतंत्रता सेनानी के परिजन जग्गो देवी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने तिरंगे को देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक बताया। इसके साथ ही उन्होंने कर्तव्य निष्ठा और जनसेवा का संदेश दिया। उधर, पुलिस लाइन में एसपी बागपत सूरज कुमार राय ने क्वार्टर गार्ड पर ध्वजारोहण किया। पुलिसकर्मियों और पेंशनर्स को मिठाई बांटकर शुभकामनाएं दी गईं। अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण चौहान ने पुलिस कार्यालय में ध्वजारोहण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र और संविधान के प्रति निष्ठा का संकल्प दिलाया।
तिरंगा बाइक रैली और जागरूकता अभियान
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत यातायात पुलिस को मिली दो नई रॉयल एनफील्ड इंटरसेप्टर मोटरसाइकिलों का शुभारंभ किया गया। एसपी और एएसपी ने इन बाइकों पर सवार होकर पुलिस लाइन से दिल्ली-सहारनपुर हाईवे होते हुए राष्ट्र वंदना चौक तक तिरंगा बाइक रैली निकाली। इस रैली में लोगों को राष्ट्रीय एकता और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
कस्बे और कोतवाली में भी हुए कार्यक्रम
बागपत कस्बे में भी एसपी के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकली। इस यात्रा में पुलिसकर्मियों के साथ छात्र-छात्राएं, स्काउट-गाइड और नागरिक शामिल हुए। वहीं, खेकड़ा कोतवाली में क्षेत्राधिकारी रोहन चौरसिया ने ध्वजारोहण किया। पुलिसकर्मियों ने देशभक्ति के माहौल में स्वतंत्रता दिवस मनाया। कार्यक्रम के बाद बड़ाखाना आयोजित किया गया।