सोनीपत, खरखौदा, गन्नौर और गोहाना में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, गूंजा देशभक्ति का संदेश

सोनीपत जिले में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर खरखौदा, गन्नौर, गोहाना व ग्रामीण अंचलों में पंचायत स्तर पर स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देशभक्ति का बुलंद संदेश गूंजा। आयोजित समारोहों में शनिवार को देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का जज्बा देखने को मिला।
खरखौदा में विधायक ने किया ध्वजारोहण
खरखौदा में विधायक पवन खरखोदा ने ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य आर्थिक विकास के साथ सामाजिक न्याय, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण को मजबूत करना है। कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र के संतुलित विकास से हरियाणा की आर्थिक शक्ति बढ़ रही है। युवाओं के लिए रोजगार व कौशल विकास, किसानों की आय बढ़ाने, नए उद्योग लगाने और आधुनिक आधारभूत ढांचे के विकास पर जोर दिया जा रहा है। विधायक ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है। प्राकृतिक व जैविक खेती, फसल विविधीकरण और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है। महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए आर्थिक सहायता और अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर एसडीएम अमित भारद्वाज, न्यायाधीश सूर्यकांत चौधरी, नगर पालिका अध्यक्ष हीरालाल इंदौरा, एसीपी जोगिंदर शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप राठी, सीडीपीओ नीलम रंगा सहित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
गांव ठरू में भूतपूर्व सैनिकों ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज
गांव ठरू में भूतपूर्व सैनिकों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। सरपंच सरोज बाला ने कहा कि गांवों की देश की प्रगति में अहम भूमिका है। भाजपा जिला महामंत्री नीरज कुमार ठरू ने कहा कि देशभक्ति केवल तिरंगा फहराने और नारे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि ईमानदारी से कर्तव्य निभाना और राष्ट्र के विकास में योगदान देना ही सच्ची देशभक्ति है। ग्रामीणों ने गांव को स्वच्छ, शिक्षित और नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
गोहाना और गन्नौर में भी हुए मुख्य कार्यक्रम
गोहाना में शहीद मदन लाल धींगड़ा पार्क के निकट मिनी खेल परिसर में आयोजित समारोह में राई की विधायक कृष्णा गहलावत ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद रखते हुए देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर काम करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल और राष्ट्र निर्माण में आगे आने का आह्वान किया। गन्नौर की नई अनाज मंडी में विधायक देवेंद्र कादियान ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि आजादी के शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए विकास के साथ शिक्षा, रोजगार और सामाजिक समरसता को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ देश की प्रगति में योगदान देने की अपील की। दोनों स्थानों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और राष्ट्रभक्ति के नारों से समारोहों में उत्साह का माहौल रहा।