टोहाना में भव्य रूप से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, सावित्री जिंदल ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज

टोहाना में राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान की गूंज के साथ मनाया स्वतंत्रता दिवस, सावित्री जिंदल ने शहीदों को किया नमन, युवाओं-किसानों को बताया विकास की ताकत
-राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली, शहीदों के परिजनों के सम्मान और कल्याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई
-देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का बढ़ाया हौसला
टोहाना,/15 अगस्त 2026/योगेश खनेजा /अटल हिन्द संवाददाता
देशभक्ति, शौर्य और राष्ट्रीय गौरव की भावना से सराबोर टोहाना में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। लघु सचिवालय प्रांगण में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान की गूंज के बीच राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति के भाव से ओतप्रोत हो उठा। हिसार की विधायक श्रीमती सावित्री जिंदल ने मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली और क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। परेड का नेतृत्व पीएसआई संजीव कुमार ने किया। मुख्य अतिथि ने क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के ज्ञात-अज्ञात सेनानियों और देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया।
हरियाली तीज के पावन पर्व के साथ स्वतंत्रता दिवस के इस विशेष अवसर पर अपने संबोधन में विधायक श्रीमती सावित्री जिंदल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीरों के त्याग, तपस्या और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके संघर्ष के कारण आज हम स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं। उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे वीर सैनिकों के साहस और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पिछले लगभग 12 वर्षों में सवा चार सौ से अधिक शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि अंबाला छावनी में निर्माणाधीन भव्य शहीदी स्मारक प्रदेश की वीरता, देशभक्ति और बलिदान की गौरवशाली परंपरा का स्थायी प्रतीक बनेगा।
युवा, किसान, महिलाएं और गरीब हैं विकसित हरियाणा की मजबूत नींव
विधायक श्रीमती जिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा के संकल्प को साकार करने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्रों के संतुलित विकास से हरियाणा की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है। सरकार का विशेष जोर निवेश को बढ़ावा देने, नए उद्योग स्थापित करने, एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत करने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा आधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित करने पर है।
उन्होंने देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के संचालन को हरियाणा की तकनीकी क्षमता, नवाचार और हरित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सामाजिक न्याय, गरीब कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा और आवास के क्षेत्र में अनेक योजनाओं के माध्यम से आमजन को लाभ पहुंचाया जा रहा है।
किसानों को प्रदेश की अर्थव्यवस्था और विकास की रीढ़ बताते हुए उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए एमएसपी पर फसलों की खरीद, कृषि विविधीकरण और आधुनिक कृषि तकनीकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा युवाओं को रोजगार और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी सरकार द्वारा महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि युवा, किसान, महिलाएं और गरीब विकसित भारत तथा विकसित हरियाणा के सबसे मजबूत आधार हैं।
खेलों में खिलाड़ियों की उपलब्धियों से बढ़ा हरियाणा का गौरव
विधायक सावित्री जिंदल ने खेलों के क्षेत्र में हरियाणा के खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा कर हरियाणा का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शी, जवाबदेह और जन-केंद्रित शासन व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है तथा तकनीक के माध्यम से सरकारी सेवाओं को लोगों के घर-द्वार तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक ऐसा हरियाणा बनाने का लक्ष्य है, जहां किसान समृद्ध हों, युवा सशक्त और रोजगार युक्त हों, महिलाएं आत्मनिर्भर हों तथा शासन पूरी तरह पारदर्शी और जन-केंद्रित हो। उन्होंने सभी नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
रक्तदाताओं का बढ़ाया हौसला
समारोह के बाद मुख्य अतिथि विधायक सावित्री जिंदल और एसडीएम आकाश शर्मा ने लघु सचिवालय परिसर में भारत विकास परिषद द्वारा लगाए गए रक्तदान शिविर का दौरा किया। उन्होंने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण कार्य बताया।
इस अवसर पर एसडीएम आकाश शर्मा व उनकी पत्नी शिल्पी शर्मा, डीएसपी जयभगवान, नायब तहसीलदार अनिल कुमार, बीईओ जगदीश सेवदा, वाइस चेयरपर्सन नीरू सैनी, रमन मड़िया, विकास ललौदा, मनीष शर्मा, नरेन्द्र गर्ग, जीवन बंसल, संदीप शर्मा, अजय मोदी, राजेन्द्र आडवाणी, रविंद्र मेहता, ईश्वर फ़ौजी, बलदेव सैनी, प्रवीण गिल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, अधिकारी, कर्मचारी और स्कूली बच्चे मौजूद रहे।
देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों, समूह नृत्यों, पीटी शो, डम्बल शो, परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण का शानदार प्रदर्शन करते हुए समारोह में देशभक्ति और उत्साह का रंग भर दिया। बैंड दलों की मधुर धुनों के बीच आयोजित मार्च पास्ट और विद्यार्थियों की सुसंगठित कदमताल ने उपस्थित अधिकारियों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इंदाछोई, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टोहाना मंडी, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टोहाना, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टोहाना, डीएवी स्कूल टोहाना, एसवीएम स्कूल टोहाना, होली हार्ट स्कूल टोहाना, मॉडल केएम स्कूल टोहाना, गुरु नानक स्कूल टोहाना, एमए स्कूल टोहाना, सागर पब्लिक स्कूल टोहाना, आदर्श स्कूल टोहाना, सेंट जोसेफ स्कूल टोहाना तथा एमयूएच जैन स्कूल टोहाना के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शानदार प्रस्तुतियां देकर समारोह को यादगार बना दिया।