सहारनपुर में स्वतंत्रता दिवस को भव्यता और परंपरा के साथ मनाने के लिए हुई बैठक, अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

सहारनपुर में स्वतंत्रता दिवस को भव्यता और परंपरा के साथ मनाने के लिए हुई बैठक, अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

सहारनपुर में स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को भव्यता और परंपरागत रूप से मनाए जाने के संबंध में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में 13 से 15 अगस्त के बीच हर घर तिरंगा कार्यक्रम को झण्डा संहिता का पालन करते हुए भव्यतापूर्ण ढंग से आयोजित करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा कांवड यात्रा के सफल एवं सुरक्षित सम्पन्न होने पर समाजसेवियों एवं जनपदवासियों का आभार प्रकट किया गया और धन्यवाद दिया गया।

स्वतंत्रता दिवस पर परंपरागत कार्यक्रमों की रूपरेखा और निर्देश

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

जनपद में परंपरागत तरीके से मनाए जाने वाले कार्यक्रमों जैसे प्रभात फेरी, ध्वजारोहण, महापुरूषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, फल वितरण, रूट मार्च, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य आयोजनों के संबंध में समाज के गणमान्य व्यक्तियों एवं अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि रूट मार्च के समय ट्रैफिक डायवर्जन किया जाए और स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए। नगर क्षेत्र में नगर निगम और ग्रामीण क्षेत्र में पंचायती राज विभाग द्वारा महापुरूषों की मूर्ति स्थलों सहित समस्त क्षेत्र में साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। क्षेत्रीय क्रीडा अधिकारी को क्रॉस कन्ट्री दौड में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने तथा प्रथम, तीन विजेताओं को प्रोत्साहन धनराशि एवं पुरूस्कार देकर सम्मानित करने को कहा गया।

महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और फल वितरण कार्यक्रम

श्री अरविंद कुमार चौहान ने बैठक में जानकारी दी कि महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कार्यक्रम गांधी पार्क, घण्टाघर चौक, देहरादून चौक, चौधरी चरण सिंह चौक, जनकपुरी चौक सहित अन्य निर्धारित स्थलों पर किया जायेगा। जिसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंप दी गई है। इसके साथ ही फल वितरण कार्यक्रम राजकीय चिकित्सालय, कुष्ठ आश्रम, मानव मंदिर सहित अन्य निर्धारित स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। बैठक में कांवड यात्रा के सफल समापन पर समाज के सभी समाजसेवियों और जनपदवासियों का आभार व्यक्त किया गया।

हर घर तिरंगा कार्यक्रम और झंडा संहिता का पालन

जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि 13 से 15 अगस्त के बीच हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सम्मिलित करते हुए परम्परागत तरीके से भव्यतापूर्ण ढंग से स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया जाएगा। प्रत्येक नागरिक को अपने आवास, स्कूल और सरकारी कार्यालयों में झण्डा सम्मान के साथ ध्वज संहिता का अनुपालन करते हुए फहराना होगा। निजी आवासों एवं प्रतिष्ठानों पर लगाए जाने वाले झण्डों को निर्धारित समयावधि के उपरान्त पूर्ण आदरभाव एवं सम्मान के साथ उतारकर सुरक्षित रखा जाना चाहिए। हर घर पर झण्डा सही तरीके से लगाया जाना अनिवार्य है तथा आधा झुका, कटा या फटा झण्डा किसी भी दशा में न लगाया जाए।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्री सुमित राजेश महाजन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री संतोष बहादुर सिंह, अपर नगर आयुक्त श्री प्रदीप कुमार, चीफ वार्डन सिविल डिफेन्स श्री राजेश जैन, श्री महेन्द्र कुमार तनेजा, श्री शीतल टंडन, श्री जयनाथ शर्मा, श्री आमिर खान, श्री ब्रित चावला सहित समाज के सम्मानित सदस्य और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Share:

Comments

Leave a comment