इंदिरा गांधी कॉलेज कैथल में स्वतंत्रता दिवस व तीज मनाई गई

Atal Hind Team Online15 August 20263 min read43 viewsकैथल
इंदिरा गांधी कॉलेज कैथल में स्वतंत्रता दिवस व तीज मनाई गई

इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय में स्वतंत्रता दिवस एवं हरियाली तीज धूमधाम से मनाई गई

कैथल / 15 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

इंदिरा गांधी (पी.जी.) महिला महाविद्यालय, कैथल में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उमंग और गहरी देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रबंधक समिति के प्रधान श्री राम बहादुर खुरानिया तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उनकी धर्मपत्नी श्रीमती अनीता खुरानिया उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में नन्हे अतिथि शिवेक और इनाया ने भी अपनी उपस्थिति से सभी का मन मोह लिया।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

कार्यक्रम का शुभारंभ एनसीसी की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत भव्य मार्च पास्ट से हुआ, जिसमें छात्राओं ने मुख्य अतिथि को सलामी दी। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया तथा ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी गई। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सूर्य नमस्कार की मनमोहक प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता के महत्व और आजादी की आवश्यकता पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।मुख्यतिथि व प्रधान प्रबन्धक समिति श्री राम बहादुर खुरानिया जी ने संदेश के माध्यम से छात्राओं को बताया कि आजादी हमारे लिए क्यों जरूरी है और स्वतंत्रता के महत्व को समझते हुए हमें अपने राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन किस प्रकार करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीद देशवासियों के जीवन, संघर्ष और बलिदान से रूबरू करवाया गया। उन वीर सपूतों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, त्याग और देशभक्ति को नमन किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देशभक्ति गीत, समूह एवं एकल गायन, कविता पाठ तथा भाषण प्रस्तुत किए गए। छात्राओं ने ‘स्वतंत्रता क्यों जरूरी है’ तथा ‘गुलामी की अपेक्षा आजादी का महत्व’ जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

विशिष्ट अतिथि अनीता खुरानिया ने अपनी भावपूर्ण कविता के माध्यम से उन महान वीरों को सलाम किया, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे असंख्य वीरों का त्याग, संघर्ष और बलिदान है। उन्होंने छात्राओं को इन महान देशभक्तों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करने का संदेश दिया। उनकी कविता ने उपस्थित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया।

मुख्य अतिथि श्री राम बहादुर खुरानिया ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता हमारे पूर्वजों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि सभी बेटियां एकजुट होकर देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता को बनाए रखते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि उनका बलिदान सदैव हमें राष्ट्रप्रेम, त्याग और समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।

कॉलेज प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग तथा सांयकालीन सत्र की प्राचार्या प्रभारी श्रीमती श्वेता तंवर ने सभी को स्वतंत्रता दिवस एवं हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्राओं को राष्ट्रहित में कार्य करने, अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने तथा देश की प्रगति में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में हरियाली तीज की भी विशेष झलक देखने को मिली। छात्राओं ने भारतीय संस्कृति, परंपरा और लोक पर्वों की महत्ता को रेखांकित करते हुए तीज के उल्लास और उमंग को स्वतंत्रता दिवस के उत्सव के साथ जोड़ा। तीज के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में उत्साह और आपसी सौहार्द का वातावरण देखने को मिला ।

कार्यक्रम के दौरान प्रधान जी ने सभी छात्राओं को तीज की बधाई देते हुए प्रोत्साहन स्वरूप ₹100-₹100 पुरस्कार दिया साथ ही हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए टीचिंग स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को ₹500-₹500 नकद प्रदान किए गए। चतुर्थ श्रेणी महिलाओं को 200 -200 र नकद प्रदान किए ।विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस पहल से छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों में उत्साह और उमंग का संचार हुआ।

कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं एवं उपस्थितजनों के लिए रिफ्रेशमेंट की भी व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। पूरा आयोजन देशभक्ति, सांस्कृतिक गौरव, अनुशासन, उत्साह और राष्ट्रप्रेम की भावना से परिपूर्ण रहा।

Share:

Comments

Leave a comment