इनेलो की मेवात रैली को लेकर टोहाना में हुआ कार्यकर्ता सम्मेलन, रामपाल माजरा और संपत सिंह ने किया संबोधित

जननायक ताऊ देवी लाल जी की जयंती के उपलक्ष्य में आगामी 27 सितम्बर को मेवात में इनेलो द्वारा आयोजित किये जा रहे सम्मान दिवस समारोह का निमंत्रण देने के लिए आज टोहाना के अग्रवाल भवन में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत में टोहानावासियों और कार्यकर्ताओं को मेवात रैली का निमंत्रण दिया गया और इस अवसर पर कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे।
टोहाना में हुआ इनेलो का कार्यकर्ता सम्मेलन
इस समारोह में मुख्यातिथि के रूप में इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा व राष्ट्रीय संरक्षक पूर्व मंत्री प्रो. संपत सिंह ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता इनेलो के युवा नेता कुनाल करण सिंह ने की। कार्यक्रम में अंजली सिंह चौटाला, जिला कार्यकारी अध्यक्ष हरि सिंह डांगरा, हल्का प्रधान प्रेम सिंह कन्हड़ी, कपिल बंसल, महाराज कन्हड़ी, गुरचरण अमानी, शहरी अध्यक्ष अमृत सैनी, जोन प्रभारी सुभाष गिल समैन, वरुण गोयल सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने पूर्व मंत्री सम्पत सिंह व रामपाल माजरा का अभिनंदन किया और कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
27 सितम्बर को मेवात में उमड़ेगा जनसैलाब: रामपाल माजरा
कार्यकर्ताओं व टोहानावासियों को मेवात रैली का निमंत्रण देते हुए रामपाल माजरा ने कहा कि 27 सितम्बर को मेवात में प्रदेश भर से लाखों की तादाद में लोग पहुंचकर ताऊ देवीलाल जी के आदर्शों का अनुसरण करते हुए बदलाव का संकल्प लेंगे। उन्होंने कहा कि इस रैली में आप सभी बढ़चढ़ कर हिस्सा लें। इस अवसर पर उन्होंने भाजपा सरकार और कांग्रेस पार्टी को भी आड़े हाथों लेते हुए खूब तंज कसे तथा सरकार की जनविरोधी नीतियों का खुलासा करते हुए इसे दमनकारी सरकार बताया।
युवाओं की एकता और सरकार पर तीखा हमला
इस अवसर पर कुनाल करण सिंह ने जेनजी आंदोलन पर बोलते हुए कहा कि पेपर लीक के मुद्दे को सरकार ने हलके में ले लिया और युवाओं ने इकट्ठे होकर जंतर मंतर पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनको दबाने के लिए सरकार ने लाठियों का सहारा लिया। देश की तरक्की और बदलाव युवाओं से होता है और युवाओं की एकता और ताकत ने सरकार का अहंकार तोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आज कार्यकर्ता सम्मेलन एक जनसैलाब बन गया, यहीं से इनेलो की सरकार का रोड मैप तैयार हो रहा है और जनता के हर मुद्दे की लड़ाई जो कांग्रेस को लड़नी चाहिए थी, वो हमने लड़ी है।