पटौदी में दमकल और सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को इनेलो का समर्थन, कांता चौटाला पहुंची धरने पर

पटौदी में अपनी-अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे दमकल और निकाय सफाई कर्मचारियों को इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) का पूरा समर्थन मिला है। बुधवार को इनेलो सुप्रीमो चौधरी अभय सिंह चौटाला की पत्नी श्रीमती कांता चौटाला पटौदी जाटोली मंडी परिषद के हड़ताली दमकल और सफाई कर्मचारियों के बीच पटौदी बैडमिंटन कोर्ट में चल रहे धरने पर पहुंचीं।
इस मौके पर श्रीमती कांता चौटाला ने दमकल और निकाय सफाई कर्मचारियों से उनकी लंबित मांगों के विषय में विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान दमकल विभाग की तरफ से प्रधान सतपाल, सुभाष शर्मा, फायरमैन अनिल, फायरमैन दिलीप, फायरमैन पवन, फायरमैन मनोज, फायरमैन तिभागदीप, अनिल, जय भगवान, सुनील, अंकित सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। इसी प्रकार से पटौदी जाटोली मंडी परिषद जोन एक में सफाई कर्मचारियों के प्रधान मदनलाल सहित अन्य आंदोलनकारी कर्मचारी भी मौजूद रहे।
विधानसभा में उठाई जाएगी कर्मचारियों की मांग
श्रीमती कांता चौटाला ने आंदोलनकारी हड़ताली कर्मचारियों को यह आश्वासन दिया कि उनकी सभी मांगों को इंडियन नेशनल पार्टी के द्वारा हरियाणा विधानसभा में प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार से कर्मचारियों की सभी जायज मांगों को पूरा किए जाने के लिए विधानसभा और विधानसभा से बाहर भी पार्टी और पार्टी नेता अपने स्तर पर बात करेंगे।
भाजपा सरकार की नीतियों को बताया कर्मचारी विरोधी
कांता चौटाला ने इस मौके पर कहा कि यह भाजपा सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों का ही परिणाम है कि आज अधिकांश सरकारी विभागों के कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर हड़ताल के लिए मजबूर हो रहे हैं।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
बाद में पत्रकारों से बात करते हुए दमकल विभाग के आंदोलनकारी कर्मचारियों ने अपनी मुख्य मांगों की जानकारी दी। कर्मचारियों ने बताया कि फरीदाबाद हादसे में जान गंवाने वाले दो कर्मचारी भवि चंद शर्मा और रणवीर सिंह को सरकार के द्वारा शहीद का दर्जा दिया जाए। इसके साथ ही पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और यूनियन की मांग के मुताबिक आर्थिक मदद या मुआवजा का भुगतान किया जाए। कर्मचारियों ने यह भी मांग की कि जितने भी कच्चे कर्मचारी हैं, उनको पक्का किया जाए। पिछले 5 साल से कर्मचारियों के वेतन में एक पैसे की भी बढ़ोतरी नहीं की गई है, जबकि महंगाई दिन-प्रतिदिन बढ़ती चली जा रही है। इसके अलावा कर्मचारियों को किसी भी प्रकार की मेडिकल सुविधा और भत्ते का भी भुगतान नहीं किया जा रहा है।