राजकीय आईटीआई नरवाना में रोजगार मेला, हुडेई मेटल्स ने 55 युवाओं का किया चयन

राजकीय आईटीआई नरवाना में रोजगार मेले में 55 युवाओं का चयन, पूर्व छात्र ने किया चयन
संस्थान के लिए गर्व का क्षण-ओमपाल
नरेंद्र जेठी/नरवाना मंडी /9 सितम्बर2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, नरवाना में बुधवार को हुडेई मेटल्स प्राइवेट लिमिटेड, गन्नौर (सोनीपत) द्वारा विशेष रोजगार एवं कैंपस प्लेसमेंट मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में विभिन्न तकनीकी ट्रेडों के आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों ने बढ़-चढक़र भाग लिया। कुल 86 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण करवाया, जिनमें से कंपनी प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों के तकनीकी कौशल एवं योग्यता से प्रभावित होकर 55 युवाओं का चयन किया। कंपनी द्वारा फिटर, टर्नर, मशीनिस्ट, वेल्डर, मोटर वाहन मैकेनिक तथा प्लंबर ट्रेडों के लिए भर्ती की गई।
वेतन और सुविधाएं
चयनित युवाओं को शुरुआत में 21000 रुपये प्रतिमाह सीटीसी वेतन के साथ अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। छह माह की सेवा पूर्ण होने के बाद कर्मचारियों के प्रदर्शन एवं कार्य रिकॉर्ड की समीक्षा की जाएगी तथा अच्छे प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को 25000 रुपये प्रतिमाह सीटीसी तक वेतन मिलने का अवसर मिलेगा।
पूर्व छात्र बने चयनकर्ता
रोजगार मेले की विशेष उपलब्धि यह रही कि कंपनी के प्लांट हेड प्यारे लाल बिश्नोई स्वयं चयन प्रक्रिया के लिए संस्थान में उपस्थित रहे। श्री विश्नोई राजकीय आईटीआई नरवाना के पूर्व छात्र हैं और आज एक प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाई का नेतृत्व कर रहे हैं। इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य ओमपाल द्वारा उनका सम्मान किया गया।
संस्थान के लिए गर्व का क्षण
प्रधानाचार्य ओमपाल ने कहा कि यह संस्थान के लिए बड़े सम्मान और गर्व की बात है कि यहां से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाला विद्यार्थी आज एक प्रतिष्ठित कंपनी का नेतृत्व कर रहा है और अपने ही संस्थान में आकर विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्रों की सफलता वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कंपनी के अधिकारियों ने भी संस्थान की तकनीकी शिक्षा, विद्यार्थियों के कौशल तथा संस्थान प्रबंधन की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में तकनीकी कार्यों के प्रति अच्छी समझ और व्यावहारिक कौशल देखने को मिला, जिसके आधार पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
प्लेसमेंट अधिकारी का बयान
प्लेसमेंट अधिकारी विनित कुमार ने कहा कि श्री प्यारे लाल भिश्नोई की सफलता वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि आईटीआई से प्राप्त तकनीकी कौशल और मेहनत के बल पर विद्यार्थी उद्योग जगत में ऊंचे मुकाम हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह संस्थान के लिए गर्व का विषय है कि उसके पूर्व छात्र आज उद्योग जगत में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं और अपने संस्थान से जुडक़र नई पीढ़ी के विद्यार्थियों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध करवा रहे हैं। इस अवसर पर संस्थान के अधिकारी, अनुदेशक, कंपनी प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में अभ्यर्थी उपस्थित रहे।