जाखल में रातों-रात प्रशासन ने हटाया कूड़ा, सुबह सफाई कर्मचारियों ने जताया भारी रोष

जाखल में रातों-रात प्रशासन ने हटाया कूड़ा, सुबह सफाई कर्मचारियों ने जताया भारी रोष

रातों-रात शहर में सफाई, सुबह सफाई कर्मचारियों ने जताया रोष

सफाई कर्मचारियों ने कहा- प्रशासन कूड़ा उठाकर श्रेय लेने की बजाय हमारी मांगें पूरी करे

योगेश खनेजा/जाखल मंडी /24 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

जाखल में नगर पालिका प्रशासन ने बीती देर रात पुलिस प्रशासन के सहयोग से बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन ने जेसीबी की मदद से शहर के मुख्य चौकों और बाजारों में लगे कूड़े के ढेरों को हटाकर शहर से बाहर पहुंचाया है। रात के अंधेरे में चलाए गए इस सफाई अभियान की जानकारी मिलने के बाद, नगर पालिका कार्यालय में धरना दे रहे सफाई कर्मचारियों ने सोमवार सुबह भारी रोष जताया है।

सफाई कर्मचारियों ने कहा कि वे भी शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना चाहते हैं। लेकिन वे अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारियों का सीधा आरोप है कि उनकी मांगों को सरकार बिल्कुल भी गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने और समान काम के लिए समान वेतन लागू करने की मांग को जल्द से जल्द पूरा करने की बात कही है।

कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि रात के समय प्रशासन द्वारा कूड़े के ढेर उठाए जाने से उनकी मांगों का कोई समाधान नहीं होगा। सरकार को चाहिए कि वह सफाई कर्मचारियों से बातचीत करे और उनकी जायज मांगों पर जल्द से जल्द कोई फैसला ले। आपको बता दें कि इस धरना-प्रदर्शन को अब दमकल विभाग के कर्मचारियों ने भी अपना पूरा समर्थन दे दिया है।

नगर पालिका सचिव ने दी सफाई

नगर पालिका सचिव प्रवीण ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि शहर के मुख्य चौकों और बाजारों में भारी कूड़ा जमा हो गया था। इसी कूड़े को जेसीबी की मदद से वहां से हटाया गया है। उन्होंने बताया कि इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस प्रशासन का भी पूरा सहयोग लिया गया है। सचिव ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारu रूप से चलाने के लिए ही कूड़े के इन ढेरों को शहर से बाहर हटाया गया है।

किसान संगठन ने भी दिया समर्थन

पिछले 15 दिनों से लगातार धरने पर बैठे सफाई कर्मियों को अब भारतीय किसान यूनियन एकता उग्रहा ने भी अपना समर्थन दे दिया है। किसान संगठन के पदाधिकारी नगर पालिका कार्यालय में सफाई कर्मियों के बीच पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने पत्रकारों को बताया कि मौजूदा सरकार जन हितैषी न होकर पूरी तरह से जन विरोधी है।

किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने किसानों, मजदूरों, व्यापारियों सहित प्रदेश की आम जनता के साथ छल और कपट किया है। प्रदेश सरकार को चाहिए कि वह सफाई कर्मियों की सभी मांगों को तुरंत माने और इस धरना प्रदर्शन को समाप्त करवाए। किसान संगठन ने यह भी साफ कर दिया है कि वे हर कदम पर सफाई कर्मियों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं।

Share:

Comments

Leave a comment